Royal Enfield Guerrilla 450 Apex Launch: अपनी धाक जमाने वाली टू-व्हीलर कंपनी रॉयल एनफील्ड ने गुरिल्ला 450 (Guerrilla 450) का नया अपडेटेड वर्जन लॉन्च कर दिया है. साल 2026 के लिए कंपनी ने इस लाइन-अप में एक नया टॉप-एंड वेरिएंट एपेक्स जोड़ा है. इस बाइक की शुरुआती कीमत 2,49,194 रुपये एक्स-शोरूम है.
क्या है एपेक्स वेरिएंट में खास?
रॉयल एनफील्ड ने गुरिल्ला 450 एपेक्स को उन राइडर्स के लिए लॉन्च किया है जो रोड पर स्पोर्टी ड्राइव फील करना चाहते हैं. एपेक्स वेरिएंट में सबसे बड़ा बदलाव इसके एर्गोनॉमिक्स में किया है. इसमें नया एल्युमीनियम हैंडलबार दिया गया है. इससे राइडर को आगे की ओर झुककर चलाने वाली पोजीशन मिलती है, जिससे तेज स्पीड पर बाइक को कंट्रोल करने में मदद मिलती है.
डिजाइन और विजुअल अपडेट्स
दिखने में ये बाइक पहले से ज्यादा प्रीमियम लगती है. एपेक्स वेरिएंट में हेडलाइट ग्रिल और एक छोटी फ्लाईस्क्रीन के साथ-साथ पीछे की तरफ एक रिमूवेबल सीट काउल दिया है, जो इसे सिंगल-सीटर कैफे रेसर जैसा लुक देता है. कंपनी ने इसे तीन नए कलर एपेक्स रेड, एपेक्स ब्लेक और एपेक्स ग्रीन में लॉन्च किया है. इसके साथ ही पहियों पर रिम टेप और बार-एंड मिरर्स इसे अलग ही लेवल पर ले जाते हैं.

Royal Enfield Guerrilla 450 Apex Launch
दमदार इंजन और परफॉर्मेंस
मैकेनिकल तौर पर बाइक में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है, क्योंकि इसका 452cc का लिक्विड-कूल्ड शेरपा इंजन पहले से ही काफी पावरफुल है. ये इंजन 8,000 rpm पर 40 PS की पावर और 5,500 rpm पर 40 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स और स्लिप-एंड-असिस्ट क्लच के साथ जोड़ा गया है.
सेफ्टी पर खास फोकस
कंपनी ने फीडबैक को देखते हुए इस बार टायरों पर खास ध्यान दिया है. वहीं, स्टैंडर्ड गुरिल्ला के टायरों में भी सुधार किया गया है, जिससे गीली सड़कों पर 17% और सूखी सड़कों पर 8% बेहतर ग्रिप मिलने का दावा किया गया है. ब्रेकिंग के लिए इसमें ड्यूल-चैनल ABS के साथ आगे 310mm और पीछे 270mm के डिस्क ब्रेक मिलते हैं.
टेक और फीचर्स
बाइक में 4-इंच का गोल TFT डिस्प्ले दिया गया है, जो गूगल मैप्स बेस्ड नेविगेशन, मीडिया कंट्रोल और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है. इसमें दो राइडिंग मोड्स स्ट्रीट और स्पोर्ट मिलते हैं. एक बड़ी अपडेट ये है कि अब बाइक स्टार्ट करने पर पिछला मोड अपने आप रीसेट नहीं होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं