विज्ञापन
This Article is From May 12, 2018

कर्नाटक की राजराजेश्वरी नगर सीट पर अब 28 मई को होगा मतदान

आयोग की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार राजराजेश्वरी नगर सीट पर अब आगामी 28 मई को मतदान और 31 मई को मतगणना होगी.

कर्नाटक की राजराजेश्वरी नगर सीट पर अब 28 मई को होगा मतदान
प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर
नई दिल्‍ली: कर्नाटक चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने एक अहम फैसले में बेंगलुरू के राजाराजेश्वरी विधानसभा क्षेत्र का चुनाव टाल दिया है. यहां अब 28 मई को चुनाव होगा. ये वही क्षेत्र है जहां हाल ही में एक ही घर में 9000 से ज़्यादा वोटर आइडी कार्ड मिले थे. इस मामले में कांग्रेस-बीजेपी दोनों ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी. आयोग की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार राजराजेश्वरी नगर सीट पर अब आगामी 28 मई को मतदान और 31 मई को मतगणना होगी. आयोग ने इस सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं को लुभाने के लिये तमाम वस्तुएं बांटने और भारी मात्रा में फर्जी मतदाता पहचान पत्रों की बरामदगी जैसी अन्य घटनाओं की शिकायतें शुरुआती जांच में ठीक पाये जाने के बाद यह फैसला किया है.

मुख्य चुनाव आयुक्त ओ पी रावत और चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा तथा अशोक लवासा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि राजराजेश्वरी नगर सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान लोगों को पैसा, मंहगे उपहार एवं अन्य वस्तुएं वितरित करने की शिकायतें मिली हैं. निगरानी दलों ने इन वस्तुओं की भारी मात्रा में धरपकड़ भी की.

इनमें से दो घटनाओं को गंभीर मानते हुये आयोग ने इस सीट पर मतदान स्थगित करने का फैसला किया है. इनमें पहली घटना गत छह मई को एक ट्रक से सामान की बरामदी से जुड़ी है, जिसकी कीमत 95 लाख रुपये आंकी गयी और दूसरी घटना इस विधानसभा क्षेत्र के जलहल्ली इलाके में छापेमारी के दौरान एक मकान से हजारों फर्जी मतदाता पहचान पत्र, फोटोयुक्त मतदाता सूचियां और लेपटॉप सहित अन्य सामग्री की बरामदगी शामिल है.

आयोग के निर्देश पर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा की गयी प्राथमिक जांच में अधिकांश मतदाता पहचान पत्र असली जैसे ही पाये गये. पुलिस एवं अन्य एजेंसियों की शुरुआती जांच में यही बात सामने आने पर आयोग ने इस पर संज्ञान लेते हुये इस सीट पर चुनाव स्थगित करने का फैसला किया है. बरामद सामग्री और दस्तावेजों की जांच से पता चला है कि संबद्ध पार्टी अथवा उम्मीदवार ने बाकायदा किसी सर्वेक्षण एजेंसी की मदद से इलाके के मदाताओं का सर्वेक्षण कर प्रत्येक स्थानीय निवासी की फोटो के साथ जाति, धर्म, लिंग और फोन नंबर से जुड़ी जानकारी के अलावा उनके निवास स्थान की तस्वीर भी संग्रहीत की थी.

VIDEO: चुनाव आयोग ने टाला कर्नाटक की राजराजेश्वरी सीट पर चुनाव

यह मामला सामने आने के बाद भाजपा और कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए नौ मई को आयोग के समक्ष अपना प्रतिवेदन पेश कर विस्तृत जांच कराने की मांग की थी. इस पर आयोग ने उप चुनाव आयुक्त चंद्र भूषण कुमार को इन शिकायतों की जांच कर एक दिन में रिपोर्ट देने को कहा. कुमार द्वारा बेंगलुरू का दौरा करने के बाद दस मई को पेश रिपोर्ट में इन दोनों घटनाओं का जिक्र करते हुये इस सीट पर अन्य इलाकों में विभिन्न व्यक्तियों और उम्मीदवारों के खिलाफ निर्वाचन नियमों के उल्लंघन की शिकायतें दर्ज करने की बात कही गयी. इस पर संज्ञान लेते हुये आयोग ने राजराजेश्वरी नगर सीट का चुनाव स्थगित करते हुये राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को छापेमारी में पकड़े गये मतदाता पहचान पत्रों से जुड़े मतदाताओं को 28 मई को होने वाले मतदान से एक सप्ताह पहले नये पहचान पत्र मुहैया कराने का निर्देश दिया है. आयोग ने बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त को इस मामले में सख्त कार्रवायी करने को भी कहा है.

(इनपुट भाषा से...)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karnataka Assembly Elections 2018, Rajarajeshwari Nagar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com