विज्ञापन
This Article is From May 05, 2016

तमिलनाडु में विकास की राजनीति का दौर शुरू करने के लिए भाजपा को वोट दें : अमित शाह

तमिलनाडु में विकास की राजनीति का दौर शुरू करने के लिए भाजपा को वोट दें : अमित शाह
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह (फाइल फोटो)
पट्टूकोट्टई (तमिलनाडु): भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अन्नाद्रमुक, द्रमुक और कांग्रेस पर 'भ्रष्टाचार' की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए अपनी पार्टी को तमिलनाडु में विकल्प के तौर पर पेश करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि राज्य में दशकों से शासन कर रहीं अन्नाद्रमुक और द्रमुक ने विकास का ग्राफ नीचे गिरा दिया है और राज्य के लोगों से अपील की कि वे विकास की राजनीति के दौर की शुरुआत के लिए एनडीए को वोट दें।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए दोनों द्रविड़ पार्टियों और भाजपा की धुर विरोधी कांग्रेस के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के विभिन्न आरोपों की तरफ इशारा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक, अन्नाद्रमुक और कांग्रेस भ्रष्ट हैं और उन्हें भ्रष्टाचार के अलावा कुछ और नहीं आता। अमित शाह ने कहा, 'द्रमुक 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन और एयरसेल-मैक्सिस के सिलसिले में आरोपों का सामना कर रही हैं.. द्रमुक के खिलाफ कई घोटाले हैं।'

उन्होंने एयरसेल-मैक्सिस करार की तरफ साफ इशारा करते हुए कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम को निशाने पर लिया और कहा कि वह और उनके बेटे कार्ति भी आरोपों का सामना कर रहे हैं। पिछले महीने अन्नाद्रमुक सरकार को 'देश में सबसे भ्रष्ट सरकार' बताने वाले भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी की प्रमुख तथा तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता के खिलाफ इस समय सुप्रीम कोर्ट में चल रहे आय से अधिक संपत्ति मामले की तरफ इशारा किया।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
तमिलनाडु चुनाव, विधानसभाचुनाव2016, अमित शाह, भाजपा, जयललिता, करुणानिधि, Tamil Nadu Polls, AssemblyPolls2016, BJP, Karunanidhi, Jayalalitha
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com