यह ख़बर 21 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

उप्र चुनाव : पांचवें चरण का प्रचार थमा

खास बातें

  • उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के प्रचार का शोर मंगलवार शाम पांच बजे थम गया।
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के प्रचार का शोर मंगलवार शाम पांच बजे थम गया। प्रचार के आखिरी दिन विभिन्न राजनीतिक दलों ने ताबड़तोड़ चुनावी जनसभाएं कर अपनी पूरी ताकत झोंक दी। इस चरण में 13 जिलों की 49 सीटों के लिए मतदान 23 फरवरी को होना है।

प्रचार के आखिरी दिन बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं की 50 से अधिक जनसभाएं हुईं।

कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने मैनपुरी, कांशीराम नगर और बुलंदशहर में जनसभाओं को सम्बोधित किया। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने फिरोजाबाद और कांशीराम नगर, भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने फिरोजाबाद, एटा और औरैया, भाजपा नेता उमा भारती ने महोबा, झांसी और कानपुर तथा भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने औरैया और मथुरा में प्रचार किया।

पांचवें चरण में जिन 13 जिलों में मतदान होना है, उनमें एटा, कांशीराम नगर, कानपुर, रमाबाई नगर, महोबा, जालौन, झ्झांसी, हमीरपुर, औरैया, इटावा, ललितपुर, मैनपुरी और फिरोजाबाद शामिल हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

फिरोजाबाद, औरैया, रमाबाई नगर और इटावा जहां समाजवादी पार्टी (सपा) का गढ़ माना जाता है, वहीं पिछले विधानसभा चुनाव में बुंदेलखण्ड के झांसी, हमीरपुर, ललितपुर, जालौन और महोबा में बसपा का दबदबा रहा है।