विज्ञापन

सांपों से खेलते दिखे अमेरिकी हेल्थ मिनिस्टर रॉबर्ट एफ. केनेडी जूनिर, नंगे हाथों से पकड़े दो साउथर्न ब्लैक रेसर, काटने के बाद भी नहीं छोड़ा

अमेरिका के स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. केनेडी जूनियर बिना किसी डर के, नंगे हाथों से दो काले सांपों से खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं. हाथ पर काटने के बाद भी उन्होंने सांप को नहीं छोड़ा.

सांपों से खेलते दिखे अमेरिकी हेल्थ मिनिस्टर रॉबर्ट एफ. केनेडी जूनिर, नंगे हाथों से पकड़े दो साउथर्न ब्लैक रेसर, काटने के बाद भी नहीं छोड़ा
US Health Secretary Robert F Kennedy Jr

अमेरिका के स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. केनेडी जूनियर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह फ्लोरिडा में दो सांपों से खेलते हुए नजर आ रहे हैं. 49 सेकंड के इस वीडियो में केनेडी शर्ट और टाई पहने हुए बिना किसी सुरक्षा के अपने हाथों से दो सांप पकड़ते दिखते हैं. यह वीडियो पाम बीच में एक समुद्र किनारे बने आलीशान घर की बालकनी में शूट किया गया लगता है, जो मशहूर डॉक्टर मेहमत ओज का बताया जा रहा है. वीडियो के दौरान उनकी पत्नी शेरिल हाइन्स उन्हें सावधान रहने के लिए कहती हुई भी सुनाई देती हैं.

वीडियो में वह बिना किसी डर के, नंगे हाथों से दो काले सांपों को दबोचते हुए दिखाई दे रहे हैं, इस पूरे वाकये के दौरान केनेडी की पत्नी डर के मारे चीख-चिल्ला रही थीं. वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए 72 साल के केनेडी ने मजाकिया अंदाज में कैप्शन लिखा, ‘चेरिल, डॉ ओज के पेटियो से ब्लैक रेसर्स के जोड़े को हटाने के लिए मेरा हौसला बढ़ा रही हैं'.

वीडियो में देखा जा सकता है कि जब केनेडी दोनों सांपों को अपने दाहिने हाथ में पकड़े हुए थे, तभी उनमें से एक सांप ने अचानक मुड़कर उनके बाएं हाथ पर काट लिया. इससे उन्हें दर्द हुआ और वह थोड़ा पीछे हट गए. बताया जाता है कि साउथर्न ब्लैक रेसर फ्लोरिडा में पाए जाने वाले आम सांप होते हैं. ये काफी तेज होते हैं, लेकिन इनमें ज़हर नहीं होता और ये इंसानों के लिए खतरनाक नहीं माने जाते.

हालांकि, यह साफ नहीं है कि यह वीडियो कब का है और बाद में उन सांपों के साथ क्या हुआ. अमेरिका के स्वास्थ्य विभाग (Department of Health and Human Services) ने इस वीडियो पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन केनेडी के करीबी लोगों का कहना है कि सांप के काटने के बाद भी उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com