158 Rupees Bill Viral: आजकल अरेंज मैरिज का मार्केट शेयर बाजार जैसा हो गया है, जहां हर कोई अपना नफा-नुकसान तौल रहा है. एक वर्किंग गर्ल ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती सुनाई कि, कैसे एक मुलाकात उनके लिए हंसी का सबब बन गई. हुआ यूं कि लड़की एक लड़के से कॉफी डेट पर मिली. लड़की पहले पहुंची, अपनी कॉफी पी और पैसे भी खुद भरे. लड़का देर से आया, अपने लिए कॉफी और कुछ चिप्स आर्डर किए. बातों-बातों में लड़के ने लड़की को भी दो-चार चिप्स खिला दिए. बस यही वो 'ऐतिहासिक' भूल थी, जिसका हिसाब लड़के के खानदान ने कुछ दिन बाद चुकता किया. जब लड़की ने शादी के लिए मना कर दिया, तो लड़के के पिता का फोन आया.

Photo Credit: pexels
158 रुपये का 'बिल' (Bengaluru Dating Bill)
लड़के के पिता ने लड़की की मां को फोन करके कहा कि, बेंगलुरु में आना-जाना बहुत महंगा है, ऊपर से आपकी बेटी ने हमारे बेटे के हिस्से के चिप्स भी खाए हैं. उन्होंने बाकायदा 158 रुपये का हिसाब भेज दिया. लड़की की मां ने भी आव देखा न ताव, तुरंत 100 रुपये गूगल पे (G-Pay) किए और साथ में एक धांसू मैसेज चिपका दिया. मम्मी ने लिखा कि, 'हो सकता है मेरी बेटी ने कम खाया हो और आपके बेटे ने ज्यादा, इसलिए आप 100 रुपये रखिए और खुश रहिये.'
शादी की बात या पीएनएल मैनेजमेंट? (Marriage Discussion or P&L Management?)
लड़की ने वीडियो में हंसते हुए बताया कि, लोग अब शादी को रिश्ता नहीं, बल्कि 'प्रॉफिट एंड लॉस' (P&L) का बिजनेस समझने लगे हैं. 158 रुपये के लिए ऐसी किचकिच सुनकर नेटिजन्स लोटपोट हो रहे हैं. यह कहानी उन लोगों के लिए एक आईना है, जो रिश्तों में भी पाई-पाई का हिसाब ढूंढते हैं. वैसे भी, बेंगलुरु के ट्रैफिक और महंगे खर्चों के बीच ये 158 रुपये की जंग काफी 'कीमती' साबित हुई. आज के दौर में रिश्ते दिल से कम और कैलकुलेटर से ज्यादा निभाए जा रहे हैं. अगर आप भी किसी 'रिश्ता मीटिंग' में जा रहे हैं, तो जरा संभलकर. कहीं ऐसा न हो कि एक चिप्स का पैकेट आपके ब्रेकअप का बिल बन जाए.
ये भी पढ़ें:-'अलीगढ़ के चतुर': AMU में अफ्रीकी छात्र की हिंदी स्पीच ने मचाया गदर, वादे सुनकर पेट पकड़ लेंगे आप!
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं