World News: कतर की सरकारी समाचार एजेंसी (QNA) की आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, कतर के पूर्व अमीर (शासक) शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. शेख हमद वही विजनरी लीडर थे, जिन्होंने अपने कूटनीतिक और आर्थिक फैसलों से कतर को दुनिया का सबसे अमीर देश बना दिया. लेकिन उनकी पहचान सिर्फ सत्ता और सियासत तक सीमित नहीं थी. अंतरराष्ट्रीय मीडिया और वेल्थ रिपोर्ट्स के आंकड़े बताते हैं कि उनकी निजी जिंदगी और शाही शौक आम इंसान की कल्पना से भी परे थे. आइए जानते हैं कतर के इस पूर्व शासक की बेशुमार दौलत और लग्जरी लाइफ के बारे में...
ब्रिटेन की महारानी से भी ज्यादा दौलत
कतर के शासक की रईसी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनकी तुलना सीधे तौर पर ब्रिटिश राजघराने से की जाती थी. Forbes मैगजीन के आंकड़ों के मुताबिक, जहां दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की निजी संपत्ति करीब 500 मिलियन डॉलर (लगभग 4,100 करोड़ रुपये) आंकी गई थी, वहीं शेख हमद की निजी संपत्ति 2 से 2.5 बिलियन डॉलर (करीब 20 हजार करोड़ रुपये) के बीच रही है.
इसके अलावा 'द टेलीग्राफ' और 'द गार्जियन' जैसी प्रमुख ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स ने कई बार यह पुष्ट किया है कि कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (जिसकी नींव शेख हमद ने रखी थी) के पास लंदन में इतनी प्रॉपर्टी (हैरड्स, द शार्ड और हीथ्रो एयरपोर्ट में हिस्सेदारी) है, जितनी खुद ब्रिटेन के शाही परिवार (Crown Estate) के पास भी नहीं है.
हालांकि , यहां ध्यान देना जरूरी है कि यह तुलना दोनों शासकों की निजी संपत्ति के बीच है. ब्रिटिश शाही परिवार (बकिंघम पैलेस, शाही जमीनें और क्राउन एस्टेट) की कुल संपत्ति करीब 28 अरब डॉलर से ज्यादा है, लेकिन वह राजा या रानी की निजी संपत्ति नहीं होती, बल्कि ट्रस्ट के अधीन होती है. महारानी की निजी संपत्ति केवल $500 मिलियन थी, जिसे वे अपनी मर्जी से खर्च या वसीयत कर सकती थीं. इसके विपरीत, कतर के पूर्व शासक शेख हमद के पास अपनी निजी अरबों डॉलर की वेल्थ के अलावा Qatar Investment Authority पर भी सीधा नियंत्रण था, जो सैकड़ों अरब डॉलर का है.
3 बीवियां और 24 बच्चों का शाही परिवार
अरब राजघरानों के आधिकारिक रिकॉर्ड्स के अनुसार, शेख हमद ने तीन शादियां की थीं. उनकी पत्नियों के नाम शेखा मरियम, शेखा मोजा और शेखा नूरा हैं. इनमें से उनकी दूसरी पत्नी शेखा मोजा बिंत नासिर वैश्विक स्तर पर अपने शानदार फैशन सेंस और एजुकेशन फाउंडेशन के लिए सबसे ज्यादा लोकप्रिय और प्रभावशाली चेहरा हैं. शेख हमद के इन तीन पत्नियों से कुल 24 बच्चे हैं, जिनमें 11 बेटे और 13 बेटियां शामिल हैं. इतने बड़े परिवार के बावजूद उन्होंने 2013 में बिना किसी विवाद के अपनी मर्जी से सत्ता अपने बेटे शेख तमीम को सौंप दी थी.
समंदर में तैरता 300 मिलियन डॉलर का महल
शेख हमद की शाही लाइफस्टाइल का सबसे बड़ा उदाहरण उनकी सुपरयॉट अल मिरकाब (Al Mirqab) है. सुपरयॉट टाइम्स (SuperYacht Times) और अंतरराष्ट्रीय बोटिंग मैगजीन्स के मुताबिक, 2008 में बनकर तैयार हुई इस यॉट की अनुमानित कीमत 300 मिलियन डॉलर (करीब 2,500 करोड़ रुपये) है. यह दुनिया की सबसे बड़ी और आलीशान यॉट्स में शुमार है. इसे 'तैरता हुआ महल' इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसमें सिनेमा हॉल, इनडोर स्विमिंग पूल, जकूजी, हेलीपैड और 24 मेहमानों के लिए बेहद लग्जरी वीआईपी सुइट्स मौजूद हैं.
सत्ता छीनी भी और खुद छोड़ी भी
शेख हमद का राजनीतिक सफर भी बेहद फिल्मी रहा है. बीबीसी के आर्काइव के मुताबिक, 1995 में जब उनके पिता शेख खलीफा स्विट्जरलैंड में छुट्टियां मना रहे थे, तब शेख हमद ने बिना खून-खराबे के तख्तापलट कर सत्ता हासिल की थी. इसके बाद उन्होंने कतर के प्राकृतिक गैस (LNG) भंडार का ऐसा इस्तेमाल किया कि देश की अर्थव्यवस्था आसमान छूने लगी. जिस सत्ता को उन्होंने बगावत से पाया था, उसे उन्होंने 61 साल की उम्र में शांति से अपने बेटे को सौंपकर अरब दुनिया में एक नई मिसाल पेश की थी.
ये भी पढ़ें:- ईरान ने UAE, कतर, बहरीन और जॉर्डन में US ठिकानों पर दागीं मिसाइलें; खामेनेई के जनाजे के बाद एक्शन में तेहरान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं