VIRAL VIDEO: नीदरलैंड के मशहूर यूट्यूबर पेड्रो मोटा जब कैमरे के साथ भारत की गलियों को नापने निकले थे. तो उन्हें क्या पता था कि यहां उन्हें सिर्फ खाना नहीं, बल्कि हर मोड़ पर भारतीयों का बेपनाह प्यार और ऐसी मेहमाननवाजी मिलेगी जो सीधे दिल में उतर जाती है. उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल Madly Rover पर भारत में अपनी यात्रा से जुड़े कई शेयर किए हैं. उन्हीं में से एक वीडियो "Western Media Won't Show How in India Guest is GOD" नाम साझा किया है. इसमें उन्होंने बताया है कि कैसे पश्चिमी मीडिया भारत की ये पॉजिटिव इमेज नहीं दिखाता. वो हमें हमेशा गंदी तस्वीर दिखाते हैं और झूठ बोलते हैं. लेकिन ये भारतीय बेहद दयालु, प्यार करने वाले और मेहमानों को भगवान का दर्जा देते हैं.
जब मुंबई की गलियों में मिला 'घर जैसा' अपनापन
सफर की शुरुआत होती है मुंबई की एक खूबसूरत सुबह से. पेड्रो वहां के स्थानीय लोगों के साथ बैठे हैं. हाथ में ताजी चपाती और तीखी लाल चटनी है. लोग उन्हें बड़े चाव से सिखा रहे हैं कि "भैया, चम्मच छोड़ो और देसी अंदाज में हाथ से खाओ." पेड्रो मुस्कुराते हुए कहते हैं, "अब तो मैं भी पक्का हिंदुस्तानी बन गया हूं." सबसे खूबसूरत बात तब होती है जब पेड्रो खाने के पैसे देने लगते हैं, तो सामने से जवाब आता है "कोई पैसा नहीं भाई, यह हमारी तरफ से प्यार है." यही तो हमारे भारत की रीत है, जहां मेहमान को भगवान का रूप माना जाता है.
WATCH VIDEO
बेंगलुरु की तीखी पूरी और दिल छू लेने वाली दोस्ती
सफर आगे बढ़ता है और पेड्रो पहुंच जाते हैं बेंगलुरु. वहां उनकी मुलाकात 'शंद्रु' नाम के एक स्थानीय शख्स से होती है. बातों-बातों में शंद्रु पेड्रो के लिए पानी पूरी और फिर गर्मागर्म 'मसाला पूरी' ऑर्डर कर देते हैं. पेड्रो का पेट तो भरा था, लेकिन शंद्रु के आग्रह को वह टाल नहीं पाए. चटपटी मसाला पूरी का हर एक निवाला लेते हुए पेड्रो कहते हैं, "भले ही मेरा पेट खराब था, लेकिन इस स्वाद और प्यार के आगे मैं खुद को रोक नहीं पाया." चलते-चलते शंद्रु उन्हें अपना नंबर देते हैं और कहते हैं, "जब चेन्नई आओगे, तो वहां का बेहतरीन खाना मैं खिलाऊंगा." बिना किसी स्वार्थ के महज पांच मिनट में ऐसी दोस्ती हो जाना सिर्फ भारत में ही मुमकिन है.
यह भी पढ़ें | भारत की फर्स्ट एसी ट्रेन में डच यूट्यूबर का सफर, महिला के हाथ का खाना खाकर कहा- 'ये बात हमेशा याद रखूंगा'
जब ट्रेन में मिला मां का प्यार
पेड्रो जब ट्रेन से सफर कर रहे थे, तो उन्होंने 'एग बिरयानी' ऑर्डर की, जो उन्हें कुछ खास पसंद नहीं आई. उनकी बगल वाली सीट पर एक भारतीय परिवार सफर कर रहा था, जो अपने साथ घर का बना खाना लेकर आया था. पेड्रो को परेशान देखकर उन्होंने तुरंत अपना टिफिन खोल दिया और पेड्रो की थाली में प्यार से दाल-चावल, आलू की सब्जी और चपाती परोस दी. पेड्रो ने जब इस सादे लेकिन बेहद स्वादिष्ट खाने का पहला निवाला लिया, तो उस परिवार की महिला ने मुस्कुराकर कहा, "इसे 'मां का प्यार' (Mother's Love) कहते हैं." परदेस में घर से दूर ट्रेन की बोगी में मिला यह दुलार सीधे पेड्रो के दिल को छू गया.
यह भी पढ़ें | पॉल्ट्री फार्म में घुसा 15 फीट लंबा किंग कोबरा, दीवार बनकर खड़ा हुआ बहादुर कालिया, बचाई 3000 मुर्गियों की जान
हैदराबाद की मिठाई और आइसक्रीम और कोलकाता का सुकून
हैदराबाद की सड़कों पर पेड्रो का सामना वहां के मशहूर काजू कतली और पिस्ता-चॉकलेट आइसक्रीम से होता है. यहां के लोगों का मीठा व्यवहार और मेहमाननवाजी उनके सफर को और भी खुशनुमा बना देती है .आखिर में पेड्रो पहुंचते हैं कोलकाता, जिसे 'सिटी ऑफ जॉय' कहा जाता है. बारिश के बाद की एक सुहानी शाम को वह एक 100 साल पुरानी दुकान पर कुल्हड़ वाली 'केसर चाय' और बिहार की मशहूर 'लिट्टी-चोखा' का स्वाद लेते हैं. मिट्टी के कुल्हड़ की खुशबू और चाय पर सजी केसर की कतरनों को देखकर पेड्रो के मुंह से बस एक ही बात निकलती है, "कोलकाता में एक अलग ही रूह है, यहां का मिजाज बेहद खास है."
यह भी पढ़ें | पाकिस्तान की सबसे लग्जरी ट्रेन में कदम रखते ही इंडियन यूट्यूबर हैरान, बोला- 'इसने तो हद कर दी'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं