Unique Plant Growth: जरा सोचिए...आप अपने खेत में खुदाई कर रहे हों और अचानक जमीन के अंदर से एक इंसानी हाथ बाहर आ जाए? भाई साहब, यकीनन अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाएं. चीन के गुआंगडोंग में एक किसान के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जिसे देखकर पहले तो वह कांप गया, लेकिन जब सच सामने आया, तो उसकी तो जैसे लॉटरी ही लग गई. अब इस 'कुदरत के करिश्मे' को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है.

Photo Credit: saysdotcom
कुदरत का 'करिश्मा' (Human hand shaped yam)
चीन के इस बुजुर्ग किसान को अपनी मेहनत का ऐसा फल मिलेगा, उसने सपने में भी नहीं सोचा था. दिन का समय था...सूरज चमक रहा था और चाचा अपने खेत में रतालू (Yam) खोद रहे थे. अचानक उन्हें कुछ अजीब सा अहसास हुआ. जैसे ही उन्होंने मिट्टी हटाई, उनकी चीख निकल गई. जमीन के अंदर से पांच उंगलियों वाला एक बिल्कुल इंसानी हाथ जैसा दिखने वाला रतालू (रतालू (Purple Yam) एक पौष्टिक कंद वाली जड़ वाली सब्जी है, जो जमीन के नीचे उगती है) बाहर आया.
ये भी पढ़ें:-मलबे के ढेर में भी है जान! कलाकार ने ईंटों से उकेरी ऐसी दास्तां, देखकर आप भी कहेंगे- वाह उस्ताद
खौफ के बाद आया नोटों का ऑफर (Scare Turned Into A Golden Deal)
शुरुआत में तो किसान को लगा कि कहीं उसने कोई लाश तो नहीं खोद दी. वह बुरी तरह घबरा गया था, लेकिन जब उसे धोया और साफ किया, तो पता चला कि यह तो सिर्फ एक सब्जी है, जिसकी शक्ल हुबहू इंसानी हाथ जैसी है. अब भाई, सोशल मीडिया का जमाना है, खबर आग की तरह फैल गई. लोग दूर-दूर से इस 'जादुई रतालू' को देखने आने लगे. बात सिर्फ देखने तक नहीं रुकी, पैसे की बरसात भी शुरू हो गई. ऑनलाइन और ऑफलाइन खरीदारों ने इस अजीबोगरीब रतालू के लिए बोलियां लगानी शुरू कर दीं. आपको यकीन नहीं होगा, लेकिन एक शख्स ने तो इसे खरीदने के लिए 8,000 युआन (करीब 1.25 लाख रुपये से ज्यादा) की पेशकश कर दी.
लाखों की माया, फिर भी किसान का दिल नहीं डोल पाया (Farmer Rejects Massive Cash Offer)
जहां कोई भी आम इंसान इतनी मोटी रकम देखकर फौरन डील पक्की कर लेता, वहीं हमारे इन किसान चाचा का मिजाज थोड़ा अलग निकला. उन्होंने साफ कह दिया 'ये बिकाऊ नहीं है.' उन्होंने इतने भारी-भरकम ऑफर को ठुकरा दिया. उनका मानना है कि यह कुदरत का एक नायाब तोहफा है और वह इसे अपने पास ही रखना चाहते हैं. फिलहाल, यह हाथ वाला रतालू एक पत्थर के बर्तन में सुरक्षित रखा गया है. लोग इसे किसी अजूबे से कम नहीं मान रहे. वाकई, कुदरत की कारीगरी का कोई मुकाबला नहीं है, कभी-कभी वो ऐसी चीजें बना देती है कि दुनिया बस देखती रह जाए.
ये भी पढ़ें:-ये सुअर नहीं, चलता-फिरता सेलिब्रिटी है! गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड जीतकर बना सोशल मीडिया का असली 'बादशाह'
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं