नवारात्रि का खुमार अमेरिका में भी छाया था. अमेरिका के सबसे बड़े शहर, न्यूयॉर्क सिटी के भारतीय मूल के मेयर जोहरान ममदानी को नवरात्रि समारोह के दौरान गरबा करते और भारतीय समुदाय के साथ शामिल होते देखा गया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में, उन्हें काले सूट के ऊपर दुपट्टा डाले, पारंपरिक गुजराती लोक संगीत की धुन पर पूरे उत्साह के साथ कदम मिलाते हुए देखा जा सकता है. इस कार्यक्रम के बाद, ममदानी एक मंदिर भी गए, जहाँ उन्हें एक पुजारी से आशीर्वाद लेते हुए देखा गया.
गरबा में शामिल होने के अलावा, ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हिंदू समुदाय को बधाई दी. उन्होंने दुर्गा पूजा, दशईं, दशहरा और नवरात्रि जैसी विभिन्न क्षेत्रीय परंपराओं, और सिंदूर खेला व गोलू प्रदर्शन जैसी रीतियों का जिक्र करते हुए इस उत्सव की विविधता भरे प्रकृति की तारीफ की. ममदानी न्यूयॉर्क के क्वींस, वुडसाइड में स्थित श्री दिव्य धाम मंदिर पहुंचे थे.
उन्होंने X पर लिखा, "इस सप्ताह, हमारे हिंदू समुदाय के पड़ोसी नवरात्रि के त्योहार के दौरान देवी दुर्गा की आराधना कर रहे हैं. हमारे पड़ोसी गरबा करेंगे, सिंदूर खेला के जरिए देवी दुर्गा की पूजा करेंगे, बड़ों से टीका लगवाएंगे, अपने घरों में 'गोलू' सजाएंगे और भी बहुत कुछ करेंगे. चाहे आपका परिवार इसे दुर्गा पूजा, दशईं, दशहरा या नवरात्रि कहे, यह त्योहार आपके लिए आत्म-चिंतन और नई शुरुआत का समय लेकर आए."
भारतीय मूल के ममदानी हमेशा शहर में होने वाले साउथ एशियन कार्यक्रमों में शामिल होते हैं. पहले भी वे लोगों के साथ मिलकर दिवाली और रक्षाबंधन मना चुके हैं.वे न्यूयॉर्क के पहले साउथ एशियन, भारतीय-अमेरिकी और मुस्लिम मेयर हैं. वे मशहूर फिल्ममेकर मीरा नायर और युगांडा के प्रोफेसर महमूद ममदानी के बेटे हैं. उनका कहना है कि मुस्लिम और हिंदू दोनों परंपराओं में पले-बढ़ने से ही उनके संस्कार बने हैं.
यह भी पढ़ें | ममदानी मेयर, सड़क पर नमाज, 100 नई मस्जिदें... 9/11 के बाद मुसलमानों का दुश्मन बना न्यूयॉर्क बदल गया है
यह भी पढ़ें | कॉकरोच का पुतला जलाने पर अभिजीत दीपके को क्यों याद आए शाहरुख खान?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं