- ईरान ने कुवैत और बहरीन पर मिसाइलें दागकर अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है
- अमेरिकी सेना ने केशम द्वीप पर ईरान के ठिकानों पर आत्मरक्षा में हमले किए हैं
- अमेरिकी सेना ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों की एक सीरीज को सफलतापूर्वक विफल कर दिया है
ईरान ने कुवैत और बहरीन पर मिसाइलें दाग अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया, तो अमेरिकी सेना ने पलटवार करते हुए केशम द्वीप पर हमला किया है. अमेरिकी सेना ने मंगलवार को बताया कि उसने पड़ोसी देशों पर ईरान द्वारा किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों की एक सीरीज को 'सफलतापूर्वक विफल' कर दिया है और ईरान के केशम द्वीप पर आत्मरक्षा में हमले किए हैं. ईरान और अमेरिका के बीच हालात एक बार फिर बिगड़ते हुए नजर आ रहे हैं.
अमेरिकी सेना ने ईरान के सभी हमले किये नाकाम
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक बयान में कहा, "ईरान ने पड़ोसी देशों की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. हालांकि, सभी अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सफल नहीं हो पाईं. कुवैत पर दागी गई ईरान की दो मिसाइलें या तो लक्ष्य से चूक गईं या रास्ते में ही नष्ट कर दी गईं. वहीं, बहरीन पर दागी गई तीन मिसाइलों को अमेरिकी और बहरीन वायु रक्षा बलों ने तुरंत रोक दिया."
ईरान पर किये गए हमलों के बारे में अमेरिकी सेंट्रल कमांड केंद्रीय कमान ने बताया कि ये हमले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित केशम द्वीप पर एक ईरानी सैन्य जमीनी नियंत्रण स्टेशन पर किए गए, जहां एक वाटर प्लांट भी मौजूद है.
आखिर, क्यों फिर अमेरिका-ईरान में बढ़ रहा तनाव?
ईरान की दो अर्धसरकारी समाचार एजेंसियों की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला तब हुआ, जब ईरान ने अमेरिका और इजराइल के साथ युद्ध में संघर्ष विराम बढ़ाने के लिए मध्यस्थों से बातचीत बंद कर दी. हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि बातचीत जारी है. फार्स और तसनीम समाचार एजेंसियों, जिन्हें ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के करीबी माना जाता है, उनकी ये रिपोर्टें ऐसे समय में आईं, जब लेबनान में ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह के खिलाफ इजराइल की जंग से तनाव बढ़ गया था. मध्यस्थता में शामिल एक क्षेत्रीय अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि ईरान ने मंगलवार को लेबनान में संघर्ष विराम लागू करने की बात कहने के बाद कोई संपर्क नहीं किया.
ये भी पढ़ें :-ईरानी सेना का दावा- नहीं टल पाएगी अमेरिकी से जंग, वजह भी बताई
ईरान-US युद्ध में अब तक क्या-क्या हुआ?
- अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमले शुरू किये थे.
- इन हमलों के बाद ईरान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई.
- ईरान ने खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और एयरबेस को निशाना बनाया था. इन हमलों में इन देशों को भी जान-माल का काफी नुकसान हुआ था.
- सिंहुआ की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान और इराक में ईरान समर्थक समूहों ने खाड़ी देशों पर हमले किए, जिनमें बहरीन भी शामिल रहा था.
- इस दौरान मनामा (राजधानी) में अमेरिकी नौसेना के 5वें बेड़े के मुख्यालय, एल्युमिनियम संयंत्रों और प्रमुख तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाया गया था.
- 40 दिनी संघर्ष के दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को भी ईरान ने बंद कर दिया था, जिससे दुनिया को तेल और ऊर्जा संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
- बाद में अमेरिका ने भी जवाब में इस स्ट्रेट पर नाकेबंदी का ऐलान कर दिया था.
- 8 मई को अस्थायी संघर्ष विराम का ऐलान किया गया.
- युद्धविराम के बाद इस्लामाबाद टॉक्स के जरिए स्थायी समाधान ढूंढने की कोशिश हुई, जिसमें अब तक कुछ खास कामयाबी नहीं मिल पाई है.
- हाल ही में अमेरिका के सेंट्रल कमांड ने दक्षिणी ईरान के गोरुक शहर और केशम द्वीप स्थित ईरानी रडार और ड्रोन नियंत्रण साइट्स पर हमले किए थे. इसके बाद मध्य पूर्व में तनाव की स्थिति फिर बन गई है.
ये भी पढ़ें :- अमेरिका की तेहरान से डील सस्पेंड, नेतन्याहू से बहस और हॉर्मुज अब भी बंद... क्या इस युद्ध ने ट्रंप को थका दिया?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं