विज्ञापन

इधर अमेरिका-यूक्रेन सुलह के रास्ते खोज रहे, उधर पुतिन ने 459 ड्रोन-मिसाइलें दाग मचाई तबाही

Russia major attack on Ukraine: यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस ने रात भर में 420 ड्रोन और 39 मिसाइलें दागीं, जिनमें 11 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं. ये हमला जिनेवा में अमेरिका और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता से ऐन पहले हुआ.

इधर अमेरिका-यूक्रेन सुलह के रास्ते खोज रहे, उधर पुतिन ने 459 ड्रोन-मिसाइलें दाग मचाई तबाही

रूस-यूक्रेन के बीच 4 साल के बाद भी जारी जंग खत्म करने के लिए एक तरफ अमेरिका और यूक्रेन के बीच जिनेवा में बैठक हो रही है, इससे ठीक पहले रूस ने यूक्रेन ने ताबड़तोड़ हमला बोल दिया. यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस ने रात भर में 420 ड्रोन और 39 मिसाइलें दागीं, जिनमें 11 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं.

रूस ने 8 इलाकों में मचाई तबाही

जेलेंस्की का दावा है कि रूस ने इस भीषण हमले के जरिए यूक्रेन के आठ इलाकों में बुनियादी ढांचे और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया. इससे बिजली और गैस ग्रिड को भारी नुकसान हुआ है. इस बमबारी में बच्चों सहित दर्जनों लोग घायल हुए हैं. जेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेन की वायुसेना ने अधिकतर मिसाइलों को मार गिराया, लेकिन आठ राज्यों में विनाश होने से नहीं रोक पाए. उधर रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी दावा किया है कि उसने रात भर में यूक्रेन के 17 ड्रोनों को मार गिराया, जो रूस की तेल रिफाइनरियों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे थे. 

रूस का ये हमला ऐसे समय हुआ है, जब जिनेवा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर, यूक्रेन के राष्ट्रीय सुरक्षा एवं रक्षा परिषद के प्रमुख रुस्तम उमेरोव के साथ बैठक कर रहे हैं. इस बैठक का मकसद युद्ध के बाद यूक्रेन के पुनर्निर्माण की योजना और अगले हफ्ते रूस के साथ होने वाली संभावित त्रिपक्षीय वार्ता का आधार तैयार करना है. 

देखें- रूस-यूक्रेन युद्ध के चार साल पूरे- क्यों नहीं हो रहा युद्धविराम, शांति वार्ता कहां अटकी?

पुतिन से सीधी बैठक चाहते हैं जेलेंस्की 

जेलेंस्की पुतिन के साथ आमने-सामने की बैठक पर जोर दे रहे हैं. उनका कहना है कि सीधी बातचीत से ही कोई समाधान निकल सकता है. हालांकि क्रेमलिन ने जेलेंस्की का यह प्रस्ताव ठुकरा दिया है और कहा है कि जेलेंस्की चाहें तो मॉस्को आ सकते हैं. इसके लिए जेलेंस्की तैयार नहीं हैं. 

रूस पर शांति वार्ता के ढोंग का लगाया आरोप

यूक्रेन ने पुतिन पर आरोप लगाया है कि वह शांति वार्ता का ढोंग कर रहा है. यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने कहा कि जब पूरी दुनिया जंग रोकने की मांग कर रही है, तब पुतिन आतंक और आक्रामकता के जरिए सबकुछ दांव लगा रहे हैं. हमारा मानना है कि रूस महज अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने के लिए बातचीत का दिखावा कर रहा है, असल हकीकत ये है कि उसने हमले तेज कर दिए हैं.

रूस बोला, जंग रोकने की कोई डेडलाइन नहीं

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने संकेत दिए हैं कि वह अपनी मांगों से पीछे हटने के मूड में नहीं है. युद्ध खत्म करने की समयसीमा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने पलटवार करते हुए पूछा कि क्या आपने हमसे किसी डेडलाइन के बारे में सुना है? हमारी कोई डेडलाइ नहीं हैं. हमने जो काम हाथ में लिया है, बस उसे पूरा कर रहे हैं. उन्होंने संकेत दिए कि वह यूक्रेन के उत्तरी डोनेस्क रीजन पर पूरा कंट्रोल हासिल करने की अपनी मांग से पीछे नहीं हटेगा. 

ये भी देखें- UN में आया रूस- यूक्रेन जंग बिना शर्त रोकने का प्रस्ताव, भारत-अमेरिका समेत इन बड़े देशों ने बनाई दूरी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com