- यूएई के फुजैराह में शेख खलीफा बिन जायद स्ट्रीट पर ट्रक का कहर
- ट्रक ड्राइवर ने कंट्रोल खोया, कई वाहनों से हुई टक्कर
- सड़क हादसे में 14 की मौत, 30 घायल; भारत-पाकिस्तान समेत कई देशों के नागरिक शामिल
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में शेख खलीफा बिन जायद स्ट्रीट पर एक ट्रक बेकाबू होकर कई वाहनों से टकरा गया. UAE के गृह मंत्रालय के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए. घायलों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जिसकी चपेट में कई अन्य वाहन भी आ गए.
कैसे हुआ हादसा?
गृह मंत्रालय की ओर से गुरुवार को एक्स पर जारी किए गए बयान में बताया गया कि यह हादसा आधी रात से पहले फुजैराह के एंट्रेंस के पास हुआ. ट्रक ड्राइवर ने गाड़ी से अपना कंट्रोल खो दिया, जिससे ट्रक पहले एक अन्य वाहन से टकराया और फिर पलट गया. इसके बाद वह उन कई वाहनों से जा टकराया जो धीमी गति के ट्रैफिक के कारण वहां रुके हुए थे.
14 लोगों की मौत, 30 घायल
फुजैराह पुलिस की जनरल कमांड ने इस गंभीर सड़क हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि इस दुघर्टना में 14 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य लोग घायल हो गए. फुजैराह पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जो कई अन्य वाहनों तक फैल गई. इससे काफी जान-माल का नुकसान हुआ. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीमें, एंबुलेंस, बचाव दल और सिविल डिफेंस के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए. इन टीमों ने आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक चिकित्सा देने और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने का काम किया. घायलों के बारे में अपडेट देते हुए फुजैराह पुलिस ने बताया कि 30 घायलों में से 15 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी 15 लोगों का उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार अभी भी इलाज चल रहा है.
भारत-पाकिस्तान समेत इन देशों के नागरिक शामिल
इस हादसे में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं. पुलिस के मुताबिक मृतकों में UAE के नागरिक भी शामिल हैं, जबकि अन्य कई पीड़ितों की पहचान अभी भी DNA टेस्ट के जरिए की जा रही है. बयान में कहा गया है कि घायलों में संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ओमान, भारत, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं.
पुलिस ट्रैफिक नियमों लेकर की अपील
पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का पालन करने, स्पीड लिमिट के भीतर गाड़ी चलाने और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने के बारे में सचेत करते हुए कहा कि जान बचाना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने और गंभीर सड़क हादसों को कम करने की बात भी की. साथ ही लोगों से यह भी आग्रह किया गया कि वे अफवाहें या अविश्वसनीय अपुष्ट जानकारी न फैलाएं और किसी भी अपडेट या पक्की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें.
यह भी पढ़ें : हादसा देखने गए थे, हादसे का शिकार हो गए... झारखंड के खूंटी में ट्रक ने 7 लोगों को रौंदा, मातम में बदली दिवाली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं