विज्ञापन

Disney+ का भारतीय अधिकारी मॉस्को में गिरफ्तार, बैग से मिली गांजे वाली टॉफी; 2 साल की हुई जेल

दातेराव जुगल सुधीर वॉल्ट डिज्नी कंपनी में एक बेहद रसूखदार और सीनियर मैनेजमेंट पद पर तैनात हैं. वह कंपनी के भीतर 20 से ज्यादा बड़े और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की कमान संभाल रहे थे.

Disney+ का भारतीय अधिकारी मॉस्को में गिरफ्तार, बैग से मिली गांजे वाली टॉफी; 2 साल की हुई जेल
प्रतीकात्मक तस्वीर
Pixabay

रूस की एक अदालत ने अमेरिकी एंटरटेनमेंट कंपनी 'द वॉल्ट डिज्नी' (The Walt Disney Company) के एक सीनियर भारतीय मैनेजर को ढाई साल जेल की सजा सुनाई है. यह कार्रवाई मॉस्को के शेरमेतिएवो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनके सामान से प्रतिबंधित गांजे से बनी गमीज मिलने के बाद की गई है. सजा पाने वाले भारतीय नागरिक का नाम दातेराव जुगल सुधीर है.

रूसी सरकारी समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक, जुगल सुधीर को नशीले पदार्थों की तस्करी और उन्हें अवैध रूप से पास रखने का दोषी पाया गया है. हालांकि, कोर्ट ने सुधीर को सजा देने में थोड़ी नरमी बरती है. सरकारी वकीलों ने सुधीर के लिए साढ़े छह साल की जेल और 5 लाख रूबल के जुर्माने की मांग की थी, लेकिन अदालत ने उन्हें ढाई साल की जेल और 30,000 रूबल के जुर्माने की सजा सुनाई.

कतर से मॉस्को पहुंचते ही एयरपोर्ट पर हुआ एक्शन

इस साल जनवरी के महीने में जुगल सुधीर कतर से उड़ान भरकर मॉस्को के शेरमेतिएवो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे थे. वहां कस्टम चेकिंग के दौरान अधिकारियों को सुधीर के सामान पर शक हुआ. जब उनके बैग की सघन तलाशी ली गई, तो अधिकारियों को उसमें से ऐसी 'गमीज' मिलीं, जिनमें टीएचसी मिला हुआ था.

टीएचसी मारिजुआना या गांजे में पाया जाने वाला मुख्य साइकोएक्टिव तत्व है, जिससे नशा होता है. रूस में गांजे और उससे बने किसी भी प्रॉडक्ट को साथ लेकर चलना या देश में लाना पूरी तरह गैरकानूनी है. इसी कानून के तहत रूसी सुरक्षा एजेंसियों ने सुधीर को तुरंत हिरासत में ले लिया और उन पर ड्रग्स तस्करी का गंभीर मुकदमा दर्ज किया गया.

ब्रेन सर्जरी का हवाला

मामले की सुनवाई के दौरान जुगल सुधीर के वकीलों ने कोर्ट में उनका पक्ष रखते हुए बताया कि सुधीर की कुछ समय पहले एक बड़ी ब्रेन सर्जरी हुई थी. इस सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल ट्रीटमेंट के तौर पर ये गमीज खाने की सलाह दी थी. डिफेंस टीम ने जोर देकर कहा कि इन गमीज का इस्तेमाल सिर्फ और सिर्फ सुधीर की निजी बीमारी के इलाज के लिए हो रहा था, इसे बेचने या सप्लाई करने का कोई इरादा नहीं था.

खुद जुगल सुधीर ने भी जज के सामने बयान दिया कि उन्होंने इन चीजों का इस्तेमाल किसी नशे के शौक के लिए नहीं, बल्कि अपनी मेडिकल कंडीशन को ठीक करने के लिए किया था. हालांकि, अदालत ने इन दलीलों को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया.

कोर्ट का साफ कहना था कि नियमों के मुताबिक सुधीर ने रूस की सीमा में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ लाने और उसे पास रखने का अपराध किया है, इसलिए उन्हें दोषी माना जाएगा.

डिज्नी+ और हुलु जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स संभालते हैं सुधीर

दातेराव जुगल सुधीर वॉल्ट डिज्नी कंपनी में एक बेहद रसूखदार और सीनियर मैनेजमेंट पद पर तैनात हैं. पब्लिक रिकॉर्ड्स के मुताबिक, वह कंपनी के भीतर 20 से ज्यादा बड़े और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की कमान संभाल रहे थे.

डिज्नी के डिजिटल और स्ट्रीमिंग बिजनेस में उनका रोल बेहद अहम माना जाता है. वह डिज्नी+ (Disney+) और हुलु (Hulu) जैसे दुनिया के सबसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के पार्टनरशिप इंटीग्रेशन को देखते हैं. इतने बड़े पद पर बैठे अधिकारी के रूस में गिरफ्तार होने से मीडिया और कॉर्पोरेट जगत में हलचल मची हुई है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com