विज्ञापन
This Article is From Nov 06, 2018

चीन में इमरान खान के भाषण के प्रसारण के दौरान 'बेगिंग' लिखने पर PTV ने मांगी माफी

पाकिस्तान के सरकारी समाचार चैनल PTV ने अपने प्रधानमंत्री इमरान खान के भाषण के लाइव प्रसारण के दौरान स्क्रीन पर 'बीजिंग' की जगह 'बेगिंग' (भीख मांगना) लिखने के लिए माफी मांगी है.

चीन में इमरान खान के भाषण के प्रसारण के दौरान 'बेगिंग' लिखने पर PTV ने मांगी माफी
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की फाइल फोटो.
इस्लामाबाद:

पाकिस्तान के सरकारी समाचार चैनल PTV ने चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के सेंट्रल पार्टी स्कूल में अपने प्रधानमंत्री इमरान खान के भाषण के लाइव प्रसारण के दौरान स्क्रीन पर 'बीजिंग' (चीन की राजधानी) की जगह अंग्रेज़ी शब्द 'बेगिंग' (भीख मांगना) लिखने के लिए माफी मांगी है. आर्थिक तंगी से गुज़र रहे पाकिस्तान के लिए आर्थिक पैकेज सुनिश्चित करने के इरादे से चीन की आधिकारिक यात्रा पर गए इमरान खान रविवार को बीजिंग स्थित सेंट्रल पार्टी स्कूल में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण पाकिस्तान टेलीविजन कॉरपोरेशन (PTV) कर रहा था. खान के भाषण के दौरान PTV ने स्क्रीन में बाईं तरफ ऊपरी कोने में 'बीजिंग' लिखने के बजाय 'बेगिंग' लिख दिया था. यह शब्द करीब 20 सेकंड तक स्क्रीन पर दिखता रहा, जिसे बाद में बदल दिया गया. PTV न्यूज़ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने ट्वीट किया, "चीन की यात्रा पर गए प्रधानमंत्री के संबोधन के सीधे प्रसारण के दौरान वर्तनी से संबंधित गलती हुई. यह गलती करीब 20 सेकंड तक बनी रही, जिसे बाद में हटा लिया गया. इस घटना पर हमें खेद है. संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है..."


स्थानीय मीडिया के अनुसार यह चूक इसलिए भी खासतौर पर मज़ाक का पात्र बन गई, क्योंकि इमरान खान आसन्न आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को उबारने की अपनी कोशिश के तहत चीन की यात्रा कर रहे हैं. पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी ने PTV द्वारा दिखाए गए डेटलाइन स्लग (जगह का नाम) को लेकर हुई व्यापक आलोचना के संदर्भ में जांच के आदेश दिए हैं. PTV की इस चूक की सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हुई. पाकिस्तान में ट्विटर पर #बेगिंग के साथ पोस्ट किए गए इसके स्क्रीनशॉट ट्रेंड कर रहे थे.


अपनी यात्रा के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और प्रधानमंत्री ली क्विंग से खान की बातचीत का मुख्य फोकस आर्थिक संकट का सामना कर रहे पाकिस्तान के लिए चीन से कर्ज़ मांगना था. बहरहाल चीन ने कहा कि वह पाकिस्तान को आवश्यक सहयोग करेगा. ऐसी सूचना है कि चीन ने पाकिस्तान को छह अरब डॉलर की सहायता राशि देने की प्रतिबद्धता जताई है, हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Imran Khan As Pakistan Pm, PTV Apologises
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com