विज्ञापन

OpenAI को रूसी प्रैंकस्टर्स ने बनाया बेवकूफ; यूक्रेनी खुफिया प्रमुख बनकर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी को फंसाया

रूसी प्रैंकस्टर जोड़ी ने खुद को यूक्रेनी खुफिया प्रमुख बताकर OpenAI के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की. वीडियो कॉल में यूक्रेन की सैन्य जरूरतों, AI तकनीक और रक्षा सहयोग पर चर्चा हुई. बाद में OpenAI ने पुष्टि की कि यह एक प्रैंक था.

OpenAI को रूसी प्रैंकस्टर्स ने बनाया बेवकूफ; यूक्रेनी खुफिया प्रमुख बनकर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी को फंसाया
OpenAI के अधिकारियों को रूसी प्रैंकस्टर्स ने बनाया शिकार
@samfbiddle
  • रूसी प्रैंकस्टर्स के झांसे में आए OpenAI अधिकारी
  • यूक्रेनी खुफिया प्रमुख समझकर की बातचीत
  • वीडियो इंटरनेट पर वायरल

चैट जीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपन एआई (OpenAI) के तीन सीनियर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों को फर्जी वीडियो कॉल के जरिए प्रैंकस्टर्स ने अपने जाल में फंसा लिया. रूस की प्रैंकस्टर जोड़ी ने खुद को यूक्रेन की विदेशी खुफिया सेवा का प्रमुख बताकर बातचीत की और AI आधारित सैन्य सहयोग, यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के साथ संबंध तथा अमेरिकी रक्षा प्रतिष्ठान से संपर्क जैसे विषयों पर चर्चा की. बाद में इस कॉल की रिकॉर्डिंग ऑनलाइन पोस्ट कर दी गई. OpenAI ने जांच के बाद स्वीकार किया कि यह एक संगठित प्रैंक था. इस घटना ने एआई कंपनियों की सुरक्षा, पहचान सत्यापन और संवेदनशील चर्चाओं के प्रोटोकॉल को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

17 मिनट तक चली वीडियो कॉल

द इंक्रिप्टे डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार रूस की चर्चित प्रैंकस्टर जोड़ी 'वोवान और लेक्सस' ने ओपनएआई के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को विश्वास दिलाया कि वे यूक्रेन की विदेशी खुफिया सेवा के प्रमुख रुस्तम उमेरोव से बात कर रहे हैं. करीब 17 मिनट तक चली वीडियो कॉल में ओपनएआई की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति प्रमुख साशा बेकर, रणनीतिक पहल प्रमुख कैरोलाइन जियर और यूरोप से जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के प्रमुख बेन क्रैम्पटन शामिल थे. बाद में रूसी ग्रुप ने इस वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दी.

कौन हैं 'वोवान और लेक्सस'?

वोवान और लेक्सस नाम से प्रसिद्ध रूसी जोड़ी 2011 से दुनिया भर की मशहूर हस्तियों और नेताओं के साथ फर्जी बातचीत करने के लिए जानी जाती है. उनके कथित शिकारों में संगीतकार एल्टन जॉन, अमेरिकी सीनेटर जॉन मैक्केन समेत कई बड़े नाम शामिल रहे हैं.

ऐसे बिछाया गया जाल

प्रैंकस्टर व्लादिमीर कुजनेत्सोव ने दावा किया कि उन्होंने पहले सैन फ्रांसिस्को में मौजूद एक यूक्रेनी अधिकारी से रुस्तम उमेरोव बनकर संपर्क किया. उनका कहना है कि वह अधिकारी पहले से ओपनएआई से संबंध स्थापित करने की कोशिश कर रहा था और साशा बेकर के संपर्क में भी था. इसी भरोसे के आधार पर कथित तौर पर ओपनएआई अधिकारियों के साथ बैठक तय कर दी गई.

यूक्रेन को सैन्य AI सहायता पर हुई चर्चा

कॉल रिकॉर्डिंग के अनुसार बातचीत के दौरान यूक्रेन को AI आधारित सैन्य तकनीक उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा हुई. बेन क्रैम्पटन ने कहा कि ओपनएआई यूक्रेन के साथ जितना संभव हो उतना गहरा सहयोग चाहता है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी सैन्य अभियानों में तकनीक के आक्रामक उपयोग को लेकर सतर्क रहते हैं. उन्होंने कहा कि कुछ परिस्थितियों में आक्रामक और रक्षात्मक तकनीकी उपयोग के बीच अंतर करना आसान नहीं होता. बातचीत के दौरान ओपनएआई के अधिकारियों ने यूक्रेन की सहायता से जुड़े कई पहलुओं पर भी चर्चा की.

पेंटागन और यूक्रेन रक्षा मंत्रालय से संपर्क का उल्लेख

वीडियो कॉल के दौरान साशा बेकर ने कहा कि कंपनी यूक्रेन की सहायता को लेकर अमेरिकी रक्षा प्रतिष्ठान के साथ भी संपर्क में रही है. अधिकारियों ने यह भी बताया कि ओपनएआई यूक्रेन सरकार के साथ 'डेब्रेक ब्लू' नामक एआई मॉडल पर काम कर रही है. इस तकनीक का इस्तेमाल कंप्यूटर सिस्टम में मौजूद कमजोरियों की पहचान और समाधान के लिए किया जाता है. बेन क्रैम्पटन ने यह भी कहा कि यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के साथ कंपनी का एक शुरुआती स्तर का सहयोग मौजूद है और विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाएं तलाश की जा रही हैं.

'हम एलन मस्क की मदद नहीं कर सकते'

कॉल के दौरान कुछ अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई. एक दौरान ओपनएआई अधिकारी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वे एलन मस्क से जुड़े किसी मामले में मदद नहीं कर सकते. हालांकि वीडियो सार्वजनिक होने के बाद यही चर्चा सबसे ज्यादा सुर्खियों में रही कि ओपनएआई के अधिकारी बिना पर्याप्त सत्यापन के संवेदनशील विषयों पर बातचीत करते रहे.

OpenAI ने की पुष्टि, अब जांच शुरू

ओपनएआई के प्रवक्ता नेट इवांस ने स्वीकार किया कि कंपनी ने कॉल की सत्यता की जांच के लिए आंतरिक स्तर पर विस्तृत जांच शुरू की थी. उन्होंने कहा कि जांच से यह निष्कर्ष निकला कि यह उन व्यक्तियों द्वारा किया गया प्रैंक था, जिनका सरकारी अधिकारियों और बड़ी कंपनियों को निशाना बनाने का पुराना इतिहास रहा है. कंपनी के अनुसार भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एहतियातन कदम उठाए गए हैं.

यह भी पढ़ें : ChatGPT बनाने वाली कंपनी में जासूसी; OpenAI के कॉन्फ्रेंस रूम में रिकॉर्डिंग डिवाइस, सऊदी का इंजीनियर गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
OpenAI, Russian Pranksters, Vovan And Lexus, Prank Call, National Security
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com