विज्ञापन

जोहरान ममदानी आगबबूला, न्यूयॉर्क के मेयर ने सीधे ट्रंप को लगा दिया कॉल

न्यूयॉर्क में एक फेडरल इमिग्रेशन अफसर ने डोमिनिकन मूल के एक व्यक्ति की गर्दन में गोली मार दी और वह भी उस समय जब वह 5 साल के बच्चे के साथ कार चला रहा था. फिर से न्यूयॉर्क के लोगों में गुस्सा है, वे डोनाल्ड ट्रंप की फेडरल सरकार से सवाल कर रहे हैं.

जोहरान ममदानी आगबबूला, न्यूयॉर्क के मेयर ने सीधे ट्रंप को लगा दिया कॉल
जोहरान ममदानी ने डोनाल्ड ट्रंप को मिलाया फोन (फाइल फोटो- AFP)
  • न्यूयॉर्क में एक फेडरल इमिग्रेशन अफसर ने डोमिनिकन मूल के व्यक्ति की गर्दन में गोली मारी
  • जब युवक को गोली मारी गई तब कार में 5 साल का एक बच्चा भी मौजूद था
  • मेयर जोहरान ममदानी ने इस घटना के बाद ट्रंप को फोन मिलाया और कार्रवाई बंद करने की मांग की

अमेरिका के सबसे बड़े शहर न्यूयॉर्क की सड़कों पर फिर खून बहा है और गोली चलाने वाले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एजेंट ही हैं. गुरुवार की दोपहर एक फेडरल इमिग्रेशन अफसर ने डोमिनिकन मूल के एक व्यक्ति की गर्दन में गोली मार दी और वह भी उस वक्त जब वह 5 साल के बच्चे के साथ कार चला रहा था. न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी समेत स्थानीय अधिकारियों और लोगों ने इसे ट्रंप सरकार की इमीग्रेशन पर सख्ती से जुड़े खतरों का एक उदाहरण बताया है. मेयर ममदानी इतने गुस्से में हैं कि उन्होंने सीधे ट्रंप को फोन लगा दिया है.

न्यूयॉर्क में क्या हुआ है?

अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग(DHS) ने कहना है कि वह उस व्यक्ति को गिरफ्तार करना चाहता था लेकिन उसे गोली मार दी गई. DHS ने साफ तौर पर नहीं बताया कि गोलीबारी की वजह क्या थी, बस इतना कहा कि घटना के दौरान, एक ICE अफसर ने अपनी बंदूक चलाई और वह व्यक्ति घायल हो गया. ICE मतलब यूएस इमीग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट. यह अमेरिका के DHS के तहत काम करने वाली एक संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसी है.

जिस व्यक्ति को गोली मारी गई है वह 28 साल का है और उसकी पहचान शहर की पुलिस ने ऑस्कर बेल्गल के तौर पर की है. गोली लगने के बावजूद वह बच गया और उसका अस्पताल में इलाज किया गया. न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार शहर की पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने बताया कि बेल्गल अपनी कार पार्किंग की जगह पर लगा रहे थे, तभी सादे कपड़ों में एक फेडरल अफसर बंदूक़ निकालकर उनकी तरफ बढ़ा. उसके पीछे एक और फेडरल अफसर था, जिसने भी यूनिफॉर्म नहीं पहनी थी.
 

टिश ने गुरुवार देर रात शूटिंग वाली जगह के पास एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि बेल्गल ने कार आगे बढ़ानी शुरू की, और फिर कम से कम एक अफसर ने सात राउंड फायर किए, जिससे गोली उसके बाएं कान के नीचे लगी. टिश ने बताया कि 5 साल का बच्चा सुरक्षित है और एक रिश्तेदार के साथ है. उन्होंने यह भी कहा कि इस ऑपरेशन में शहर की पुलिस शामिल नहीं थी, लेकिन गोली चलने की आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे.

वहीं DHS ने एक बयान में कहा कि वे एक ऐसे "गैर-कानूनी प्रवासी अपराधी" को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे थे, जिसे बड़ी चोरी का दोषी ठहराया जा चुका था और जिसकी गिरफ्तारी का पुराना रिकॉर्ड भी था. लेकिन मेयर जोहरान ममदानी ने इस गोलीबारी को शर्मनाक घटना बताया.

ममदानी आगबबूला

मेयर जोहरान ममदानी ने गुरुवार को कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से शहर से फेडरल इमिग्रेशन एजेंटों को हटाने के लिए कहेंगे. ममदानी ने भी कहा कि जब व्यक्ति को गोली मारी गई तब कार में पांच साल का बच्चा भी मौजूद था. डेमोक्रेटिक मेयर ने X पर कहा, "यह बहुत ही गलत और बेहद गंभीर स्थिति है."

उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति को फोन किया है. उन्होंने आगे कहा, "जब हमारी बात होगी, तो मैं उनसे मांग करूंगा कि वे हमारे शहर में ICE की सभी कार्रवाईयां बंद करें. मैं यह बर्दाश्त नहीं करूंगा कि ICE एजेंट हमारे समुदायों में दहशत फैलाएं."

बता दें कि इस साल ICE अमेरिका के अंदर कई हाई-प्रोफाइल गोलीबारी की घटनाओं में शामिल रहा है, जिसमें मिनियापोलिस में दो अमेरिकी नागरिकों की हत्या भी शामिल है, जिसके बाद जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन हुए. डोनाल्ड ट्रंप अपनी सख्त इमीग्रेशन पॉलिसी के लिए जाने जाते हैं. हालांकि उनके आलोचक कहते हैं कि उनकी यह पॉलिसी मानवीयत की सीमा से आगे चली जाती है और बेहद क्रूर हो जाती है. उनकी कठोर इमीग्रेशन पॉलिसी का एक ताजा उदाहरण पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

यह भी पढ़ें | ट्रंप सरकार का बड़ा फैसला; विप्रो, टाटा, इन्फोसिस जैसी IT कंपनियों को ग्रीन कार्ड प्रोग्राम से किया सस्पेंड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ICE Agent Shooting, New York, US Immigiration Policy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com