- रामा दुवाजी ने 15 साल की उम्र में नस्लीय और समलैंगिक समुदाय के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था
- उनके पुराने सोशल मीडिया पोस्ट हाल ही में एक कंजर्वेटिव मीडिया द्वारा सार्वजनिक किए गए हैं
- दुवाजी ने अपने विवादित ट्वीट्स के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी की पत्नी रामा दुवाजी इस समय गलत वजहों से सुर्खियां बटोर रही हैं. रामा दुवाजी के पुराने सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो गए हैं और इसकी वजह से उन्हें माफी भी मांगनी पड़ी है. दुवाजी आज से 13 साल पहले, जब खुद उनकी उम्र 15 साल की थी, उन्होंने पोस्ट में नस्लीय गाली का प्रयोग किया था, समलैंगिक समुदाय के लोगों के लिए भी गलत शब्द का प्रयोग किया था.
बुधवार को द न्यूयॉर्क टाइम्स में छपे एक इंटरव्यू में रामा दुवाजी ने माना कि उन्होंने 15 साल क उम्र में “N-वर्ड” का इस्तेमाल किया था. N शब्द अश्वेत समुदाय के लोगों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला नस्लीय और आपत्तिजनक शब्द है. रामा दुवाजी के इन पुराने पोस्ट को हाल ही में द फ्री बीकन नाम के एक कंजर्वेटिव मीडिया ने सामने लाया, जिसमें उनके टीनएज और शुरुआती 20s के सोशल मीडिया पोस्ट दिखाए गए थे.
विवादित पोस्ट में क्या था?
रिपोर्ट के अनुसार, 2013 के एक पोस्ट में उन्होंने “N-वर्ड” का इस्तेमाल किया था. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि उनके कुछ और पुराने पोस्ट में उन्होंने इजरायल की विवादित रूप से आलोचना की थी. इनमें ऐसे बयान शामिल थे कि तेल अवीव नहीं होना चाहिए और कुछ संदेश फिलिस्तीनी लड़ाकों के समर्थन में थे. 2015 के एक पोस्ट में लिखा था, “तेल अवीव नहीं होना चाहिए. वे कब्जा करने वाले हैं.”
एक और पोस्ट में उन्होंने पॉपुलर फ्रंट फॉर द लिबरेशन ऑफ फिलिस्तीन (पीएफएलपी) से जुड़े लोगों की तारीफ की थी. यह संगठन अमेरिका और यूरोपीय संघ के अनुसार एक आतंकवादी संगठन माना जाता है. एक अलग पोस्ट में उन्होंने अमेरिकी सैनिकों को बहादुर नहीं बताया और उन पर “तीसरी दुनिया के नागरिकों को मारने” का आरोप लगाया. उन्होंने कहा था कि अमेरिकी सैनिक “न तो बहादुर हैं और न ही वे किसी की आजादी के लिए लड़ रहे हैं.”
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि उसी उम्र में उन्होंने समलैंगिक लोगों के लिए इस्तेमाल होने वाली एक गाली (अपमानजनक शब्द) का भी इस्तेमाल किया था. जब मेयर के प्रवक्ता से पूछा गया कि वे किन पोस्ट के लिए माफी मांग रही हैं, तो उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं