विज्ञापन

गाजा में इजरायल के हमले जारी, 11 दिन पहले हमास के पुराने चीफ को मारा, अब नए कमांडर पर हमला

Israel Hamas War: इजरायल ने बकरीद से ठीक एक दिन पहले गाजा में हमला किया और दावा किया कि उसके निशाने पर हमास के मिलिट्री विंग का नया चीफ था. हमले की जगह से 3 लाशें निकली हैं.

गाजा में इजरायल के हमले जारी, 11 दिन पहले हमास के पुराने चीफ को मारा, अब नए कमांडर पर हमला
Israel Hamas War: हमास के आर्म्ड विंग के नए चीफ मोहम्मद ओदेह पर इजरायल का हमला (फाइल फो
  • हमास को साफ करने के लिए इजरायल का सैन्य मिशन जारी
  • बकरीद से ठीक एक रात पहले गाजा शहर में इजरायल ने हवाई हमला किया
  • इजरायल का दावा- हमलों का निशाना हमास के सैन्य विंग का नया प्रमुख था

Israel Hamas War: हमास को साफ करने के लिए इजरायल का सैन्य मिशन जारी है. बकरीद से ठीक एक रात पहले गाजा शहर में इजरायल ने हवाई हमला कर दिया है. मंगलवार देर रात इजरायल ने गाजा सिटी में दो एयरस्ट्राइक किए, जिनमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि इन हमलों का निशाना हमास के सैन्य विंग का नया प्रमुख था.

उन्होंने उसकी पहचान मोहम्मद ओदेह के रूप में की और कहा कि वह 7 अक्टूबर 2023 के हमलों के “मुख्य योजनाकारों” में से एक था. इन्हीं हमलों के बाद दो साल से ज्यादा समय से जारी युद्ध शुरू हुआ था. यह हमला उस घटना के दो हफ्ते से भी कम समय बाद हुआ है, जब इजरायल ने हमास के सैन्य विंग के पिछले प्रमुख इज अल-दीन अल-हद्दाद को मार गिराया था.

हमास की तरफ से इस पर तुरंत कोई बयान नहीं आया. मारे गए लोगों के शव गाजा के शिफा हॉस्पिटल ले जाए गए, जहां मौतों की पुष्टि की गई. यह हमला ईद-उल-अजहा यानी बकरीद से ठीक पहले हुआ, जो आमतौर पर परिवारों के मिलने-जुलने और बड़े भोज का खुशी वाला त्योहार माना जाता है. लेकिन इस साल भी गाजा में यह त्योहार फीका है. ज्यादातर लोग अब भी विस्थापित हैं और भयानक युद्ध के बाद टेंट या अस्थायी शिविरों में रहने को मजबूर हैं.

इजरायल-गाजा में कमजोर सीजफायर

पिछले अक्टूबर में इजरायल और हमास के बीच हुआ सीजफायर अभी भी कमजोर स्थिति में है. फिलिस्तीनी अधिकारियों के अनुसार, सीजफायर लागू होने के बाद से इजरायली हमलों में 880 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं. वहीं इजरायल का कहना है कि उसके हमले हमास द्वारा सीजफायर उल्लंघन या उसके सैनिकों को खतरे के जवाब में किए जाते हैं. लेकिन फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों में बड़ी संख्या आम नागरिकों की भी है.

इस दौरान चार इजरायली सैनिक भी मारे गए हैं.

बता दें कि इजरायल ने अक्टूबर 2023 में हमास के हमलों के जवाब में गाजा में सैन्य अभियान शुरू किया था. उन हमलों में करीब 1,200 लोग मारे गए थे और 250 लोगों को बंधक बना लिया गया था. गाजा के फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इजरायली हमलों में अब तक 72,700 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं.

यह भी पढ़ें: “पाकिस्तान जंग में बिचौलिया बनने लायक नहीं”- ट्रंप के करीबी सांसद का बड़ा बयान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Israel Hamas War, Israel Gaza War, Israel Attack In Gaza
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com