विज्ञापन
This Article is From Apr 04, 2016

पनामा लीक्स : शी, पुतिन के सहयोगी और मेस्सी के साथ 500 भारतीयों के नाम शामिल

पनामा लीक्स : शी, पुतिन के सहयोगी और मेस्सी के साथ 500 भारतीयों के नाम शामिल
शी चिनफिंग (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: एक करोड़ से अधिक कर दस्तावेजों की भारी लीक ने रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के सहयोगियों, वैश्विक नेताओं और बार्सिलोना के खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी समेत कई सितारों की गुप्त सौदेबाजी का पर्दाफाश कर दिया है। इसमें 500 से अधिक भारतीयों का नाम भी है।

इन दस्तावेजों की जांच 100 से भी ज्यादा मीडिया समूहों ने की है और इसे इतिहास की ऐसी सबसे बड़ी जांचों में से एक करार दिया है। इस जांच में लगभग 140 राजनीतिक हस्तियों की संपत्ति से जुड़ी गुप्त सौदेबाजी को उजागर किया गया। इन राजनीतिक हस्तियों में 12 मौजूदा या पूर्व राष्ट्र प्रमुख शामिल हैं।

इतनी बड़ी संख्या में ये रिकॉर्ड जर्मन अखबार सुडूशे जीतुंग ने एक अज्ञात सूत्र से प्राप्त किए हैं और इसे अंतरराष्ट्रीय खोजी पत्रकार संघ (आईसीआईजे) के जरिये दुनिया भर के मीडिया के साथ साझा कर दिया।

आईसीआईजे ने कहा कि इस जांच के तहत विदेशों में स्थित 2.14 लाख प्रतिष्ठानों से 1.15 करोड़ दस्तावेज प्राप्त किए गए। लीक हुए दस्तावेज पनामा की विधि फर्म मोजैक फोंसेका से आए। इस फर्म के 35 से भी अधिक देशों में दफ्तर हैं।

जिन लोगों के नाम दस्तावेजों की इस भारी लीक में सामने आए हैं, उन पर इसका गंभीर राजनीतिक असर पड़ सकता है।

आईसीआईजे की जांच में जिन लोगों के बारे में मुख्य दावे किए गए हैं, उनमें पुतिन के करीबी सहयोगी शामिल हैं। इन्होंने ‘‘बैंकों और छद्म कंपनियों के जरिए दो अरब डॉलर का गुप्त घालमेल किया।’’ हालांकि इन नामों में पुतिन का नाम इसमें शामिल नहीं है।

आईसीआईजे ने कहा कि इन दस्तावेजों में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के परिवार का विदेशी कंपनियों से संबंध सामने आया है। शी खुद अपने देश में कड़ा भ्रष्टाचार रोधी अभियान चला चुके हैं। आइसलैंड में इन दस्तावेजों में प्रधानमंत्री सिगमुंदर डेविड गुनलॉग्सन और उनकी पत्नी द्वारा विदेशी कंपनी का गुप्त स्वामित्व रखने की बात कही गई है। इस कंपनी ने देश के आर्थिक संकट के दौरान लाखों डॉलर आइसलैंडिक बैंक बॉण्डों के रूप में रखे थे।

फीफा के आचार-नीति समिति के एक सदस्य जुआन प्रेडो दामियानी की विधि फर्म के उन तीन लोगों के साथ कारोबारी संबंध थे, जिन पर फीफा स्कैंडल में अभियोग लगाया गया था। ये तीन लोग थे- फीफा के पूर्व उपाध्यक्ष ई. फिगुरेडो, ह्यूगो जिंकिस और उनका बेटा मरियानो। इन पर लातिन अमेरिका में फुटबॉल प्रसारण अधिकार हासिल करने के लिए रिश्वत देने का आरोप था।

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी मेस्सी और उसके पिता का पनामा की कंपनी मेगा स्टार एंटरप्राइजेज इंक पर स्वामित्व है। यह एक शेल कंपनी है, जो पिता-पुत्र के कर मामलों की स्पैनिश जांच में सामने नहीं आई थी।

फ्रांसटीवीइंफो ने फुटबॉल जगत से यूईएफए के अध्यक्ष माइकल प्लेटिनी को पनामा स्थित कर कंपनी का लाभार्थी बताया है। फ्रांसटीवीइंफो ने हालांकि यह भी कहा है कि किसी अवैध गतिविधि का आरोप नहीं लगाया गया है।

प्लेटिनी की संचार सेवा ने एएफपी को भेजे गए एक बयान में कहा गया कि ‘‘उसके सभी खातों और संपत्तियों की जानकारी स्विट्जरलैंड के कर अधिकारियों को है। वह वर्ष 2007 से वहां का करदाता है।’’

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पनामा, लॉ फर्म मोसेक फोंसेका, खुफिया डॉक्यूमेंट्स लीक, टैक्स हेवेन, ब्लादिमीर पुतिन, होस्नी मुबारक, बशर-अल-असद, बेनजीर भुट्टो, नवाज शरीफ, शी जिनपिंग, लेयोनेल मेसी, Tax Leak, Vladimir Putin, Benzeer Bhutto, Nawaz Sharif, Leonel Messi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com