बच्चों के मनोरंजन की बात हो और कार्टून सीरीज का जिक्र न आए, ऐसा कैसे हो सकता है. खासकर जब बात एक ऐसी एनिमेटेड सीरीज की हो, जिसे छोटे बच्चे बार-बार देखना पसंद करते हैं. हम बात कर रहे हैं माशा एंड द बियर (Masha and the Bear) की. रूस में बनी यह एनिमेटेड सीरीज लंबे समय से बच्चों के बीच पॉपुलर है. इसकी पॉपुलैरिटी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फ्लिक्सपेट्रोल के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, यह सीरीज भारत में नेटफ्लिक्स के किड्स टीवी शोज (Kids TV Shows) चार्ट में 994 दिनों से अपनी जगह बनाए हुए है. आइए जानते हैं इस सीरीज के बारे में क्या है खास, आखिर आपके घर के बाल-गोपालों को क्यों बांधे हुए है.
यह भी पढ़ें: नेटफ्लिक्स पर बच्चों को नहीं दिखेगा एडल्ट कंटेंट! माता-पिता तुरंत ऑन करें ये 4 सेटिंग
2009 में हुई थी शुरुआत, क्या है माशा एंड द बियर की कहानी
माशा एंड द बियर की शुरुआत साल 2009 में हुई थी. इस सीरीज को रूसी एनिमेशन क्रिएटर ओलेग कुजोवकोव ने बनाया है. इसका निर्माण एनिमाकॉर्ड एनिमेशनल स्टूडियो ने किया था. इसके छोटे-छोटे एपिसोड करीब सात मिनट के होते हैं, जिनमें बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ दोस्ती और रिश्तों की खूबसूरत सीख भी छिपी होती है. इसके सात एपिसोड में 171 एपिसोड हैं.
इस एनिमेटेड सीरीज की कहानी माशा नाम की एक नटखट छोटी बच्ची और एक भालू के इर्द-गिर्द घूमती है. माशा बेहद शरारती और एनर्जी से भरपूर है. वह जंगल में रहने वाले एक भालू से दोस्ती कर लेती है, जो पहले सर्कस में काम करता था और अब शांतिपूर्ण जिंदगी बिताना चाहता है. लेकिन माशा की शरारतें उसके सारे प्लान बिगाड़ देती हैं. कभी वह भालू के घर में नई मुसीबत खड़ी कर देती है तो कभी जंगल के दूसरे जानवरों को अपनी मस्ती में शामिल कर लेती है. भालू हर बार उसकी परेशानियों को संभालने की कोशिश करता है. दोनों की दोस्ती, नोकझोंक और मजेदार कारनामे ही इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत हैं.
कौन हैं इसके कलाकार और डायरेक्टर?
इस सीरीज में किरदारों को आवाज देने वाले कलाकारों में अलीना कुकुश्किना, बोरिस कुटनेविच और जिसेल नीटो प्रमुख हैं. अलग-अलग सीजन और भाषाओं में दूसरे वॉयस आर्टिस्ट भी जुड़े हैं. ओलेग कुजोवकोव के अलावा ओलेग उझिनोव, डेनिस चेर्वियात्सोव समेत कई निर्देशकों ने इसके एपिसोड डायरेक्ट किए हैं.
'माशा एंड द बियर' सीरीज दुनिया के 100 से ज्यादा देशों में पहुंच चुकी है और 36 भाषाओं में उपलब्ध है. यही वजह है कि करीब डेढ़ दशक बाद भी माशा और भालू की दोस्ती बच्चों को खूब पसंद आती है. कम डायलॉग, शानदार एनिमेशन और मजेदार कहानियों के जरिए यह हर उम्र के दर्शकों का मनोरंजन करती है. आपने देखी है ये वेब सीरीज तो हमें कमेंट करके इसके बारे में दिलचस्प बातें जरूर बताएं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं