कनाडा के केनेथ लॉ ने इंटरनेट के जरिए 40 देशों में जहर बेचा है. उसके खिलाफ अदालत में मुकदमा चल रहा है और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. इंटरनेट की दुनिया में छिपे इस खौफनाक 'डेथ मार्केट' की असलियत बेहद डरावनी है. 60 साल के पूर्व इंजीनियर और होटल शेफ केनेथ लॉ पर आरोप है कि उसने ऑनलाइन वेबसाइट्स के जरिए दुनिया भर के दर्जनों देशों में 'सुसाइड पैकेट' (जहर) भेजे.
इससे 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई. शुक्रवार को ओंटारियो की न्यूमार्केट कोर्ट में जब इस मामले की सुनवाई शुरू हुई, तो पूरा कोर्ट रूम खचाखच भरा हुआ था. केनेथ ने न्यायाधीश मिशेल फुर्स्ट के सामने माना कि उसने युवाओं को आत्महत्या के लिए उकसाया और उन्हें जानलेवा केमिकल की सप्लाई की.

Photo Credit: Pixabay
कोर्ट में जब एक-एक कर उन 14 कनाडाई युवाओं के नाम पढ़े गए जिनकी उम्र महज 16 से 36 साल के बीच थी, तो वहां मौजूद पीड़ितों के परिवार अपने आंसू नहीं रोक पाए. केनेथ लॉ को इस खौफनाक अपराध के लिए सितंबर में सजा सुनाई जाएगी.
हॉट सॉस की आड़ में जहर का धंधा
कोर्ट में पेश किए गए दस्तावेजों से खुलासा हुआ कि केनेथ लॉ बेहद शातिर तरीके से इस पूरे रैकेट को चला रहा था. वह टोरंटो के एक होटल में कुक रह चुका था और उसने अपनी काली करतूतों को छिपाने के लिए चार फर्जी कंपनियां और कई वेबसाइट्स बना रखी थीं.
वह इंटरनेट पर आत्महत्या के तरीकों को ढूंढ रहे मानसिक रूप से परेशान और संवेदनशील लोगों को निशाना बनाता था. केनेथ उन्हें घातक रसायनों के सिल्वर पैकेट कोरियर से भेजता था और उन्हें इस्तेमाल करने का पूरा तरीका भी बताता था.
जांच में सामने आया है कि पकड़े जाने से पहले वह दुनिया के 41 देशों में 1,209 घातक पैकेट भेज चुका था. इस खूनी खेल से उसने करीब 2,96,981 कनाडाई डॉलर (लगभग 1.8 करोड़ रुपये) कमाए, जो उसके शॉपिफाई (Shopify) और पेपाल (PayPal) अकाउंट्स में जमा थे.
यह भी पढ़ें: US में पाक विदेश मंत्री की दुखती रग पर पत्रकार ने रख दिया हाथ, सवाल सुनकर ठिठके; पीठ घुमा कर भागे- Video
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं