विज्ञापन
This Article is From Mar 11, 2018

जयाप्रदा ने कहा, 'पद्मावत' के अलाउद्दीन खिलजी को देखकर मुझे आजम खान की याद आई

समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और रामपुर से सपा विधायक मो. आजम खान पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मशहूर अभिनेत्री व पूर्व सांसद जया प्रदा ने आजम की तुलना अलाउद्दीन खिलजी से की है.

जयाप्रदा ने कहा, 'पद्मावत' के अलाउद्दीन खिलजी को देखकर मुझे आजम खान की याद आई
मशहूर अभिनेत्री व रामपुर से पूर्व सांसद जया प्रदा
  • रामपुर से दो बार लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं जयाप्रदा
  • खिलजी के किरदार ने मुझे आजम खां की याद दिला दी
  • रामपुर से चुनाव लड़ने के दौरान उस शख्स ने मुझे प्रताड़ित किया था
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और रामपुर से सपा विधायक मो. आजम खान पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मशहूर अभिनेत्री व पूर्व सांसद जया प्रदा ने आजम की तुलना अलाउद्दीन खिलजी से की है. रामपुर से दो बार लोकसभा सदस्य रहीं जयाप्रदा ने शनिवार को एक बयान में कहा कि 'मैं जब पद्मावत देख रही थी तो खिलजी के किरदार ने मुझे आजम खां की याद दिला दी. मैं सोच रही थी कि जब मैं रामपुर से चुनाव लड़ रही थी तब उस शख्स ने किस तरह से मुझे प्रताड़ित किया था.'

जयाप्रदा ने कहा है कि राजनीतिक पार्टियां महिला आरक्षण विधेयक लागू करने के पक्ष में नहीं है. उन्‍होंने एक कार्यक्रम में संवाददाताओं से कहा कि जब वह पहली बार राज्यसभा के लिए चुनी गई थीं तब उनका पहला भाषण 33 फीसदी आरक्षण पर ही था. कुछ राजनीतिक दल ऐसे हैं जो इस विधेयक को लाने के लिए इच्छुक नहीं है. जब न्यूक्लियर बिल पास कर सकते हैं, तब 33 फीसदी आरक्षण बिल क्यों पास नहीं किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि अभी चुनाव का माहौल आ रहा है तब यह मुद्दा सामने लाया जा रहा है जिससे महिलाओं का वोट लिया जा सकें.

‘‘तीन तलाक’’ को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में जयाप्रदा ने कहा कि सभी धर्म की महिलाएं एक है और उनकी दिल की भावनाएं भी एक है. वह मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड का सम्मान करती हैं लेकिन जहां तक जज्बात की बात है तब वह महिलाओं के साथ है चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान.

बता दें कि जब अमर सिंह सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव के करीबी थे, तब जयाप्रदा ने आजम खां के गढ़ रामपुर से दो बार सपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा था और जीता भी था, लेकिन अखिलेश यादव ने पार्टी का मुखिया बनने के बाद अमर सिंह और जयाप्रदा को पार्टी से निकाल दिया था. इसके बाद जया प्रदा अमर सिंह के साथ राष्ट्रीय लोकदल में शामिल हो गई थीं. रालोद के टिकट पर जया ने 2014 लोकसभा चुनाव बिजनौर संसदीय सीट से लड़ा था, लेकिन मोदी की आंधी में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.

VIDEO: आजम खान ने खुद को बताया बीजेपी की 'आइटम गर्ल'

 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Padmaavat, Alauddin Khilji, Jaya Prada, Azam Khan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com