- शाहजहांपुर के थाना मदनापुर क्षेत्र में बारातियों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था
- बग्घी के किराए को लेकर बारातियों और मालिक के बीच विवाद के कारण झगड़ा शुरू हुआ था
- पुलिस ने विवाद को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन एक सिपाही द्वारा थप्पड़ मारने से स्थिति बिगड़ गई थी
Shahjahanpur Attack on Police: शाहजहांपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां झगड़ा शांत कराने गई पुलिस टीम पर ही बारातियों और ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटते हुए देखा जा सकता है. घटना शाहजहांपुर के थाना मदनापुर क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि यहां बाहर से एक बारात आई थी. बारात के स्वागत और चढ़ावे के लिए एक घोड़ा-गाड़ी (बग्घी) किराए पर ली गई थी. जब बारात कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, तो बग्घी के मालिक और बारातियों के बीच किराए के भुगतान को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह मामूली बात बड़े विवाद में बदल गई.
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र में एक बारात के दौरान हुआ विवाद हिंसा में बदल गया. बाहर से आई बारात में घोड़ा गाड़ी (बग्घी) के किराए के भुगतान को लेकर बारातियों और गाड़ी मालिक के बीच झगड़ा हो गया.
— NDTV India (@ndtvindia) April 27, 2026
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर मामला शांत कराने… pic.twitter.com/bAZlUyMhjV
बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर टूटा गुस्सा
हंगामे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची ताकि मामले को निपटाया जा सके. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद और गहरा गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान एक सिपाही ने किसी बाराती को थप्पड़ मार दिया. सिपाही की इस कार्रवाई से बाराती और वहां मौजूद ग्रामीण भड़क उठे और उन्होंने पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया.
ये भी पढ़ें: यूपी में ब्रिटिश मौलाना के अवैध मदरसे पर गरजा बुलडोजर, विदेशी फंडिंग और आतंकी कनेक्शन का भी आरोप
वर्दी फटी, पुलिसकर्मियों ने भागकर बचाई जान
गुस्साई भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा. इस छीनाझपटी और मारपीट में पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई. घटना का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें कानून के रखवालों की बेबसी साफ नजर आ रही है.
तीन आरोपी गिरफ्तार, पांच पर नामजद मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. सीओ प्रियांक जैन ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इस मामले में 5 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है. पुलिस ने अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें: "होटल ले गए अब शादी क्यों नहीं"? रील बनाकर 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी प्रेमिका, बोली- मैं यहीं से कूदकर जान दे दूंगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं