Bihar News: बिहार के छपरा जिले में एक प्रेमी जोड़े की प्रेम कहानी ने उस वक्त फिल्मी मोड़ ले लिया जब एक युवती शादी की जिद को लेकर 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. मामला इनायतपुर पंचायत के तकिया गांव का है, जहां उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक युवती ने करीब 6 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा किया. हैरानी की बात यह रही कि युवती ने टावर पर चढ़कर रील बनाई और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई थी 'रील' वाली मोहब्बत
जानकारी के अनुसार यूपी के आजमगढ़ की रहने वाली अंजलि राजभर (28) की दोस्ती छपरा के अजय माझी (30) से तीन साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. अजय दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है. अंजलि अक्सर रील्स बनाती थी और अजय के कमेंट्स से शुरू हुआ यह सिलसिला प्यार में बदल गया. दोनों कई बार दिल्ली और होटलों में मिले जिसकी तस्वीरें और वीडियो अंजलि ने सोशल मीडिया पर साझा किए हैं. एक रील में तो अजय अंजलि की मांग भरता हुआ भी नजर आ रहा है.

जब प्यार के बीच आया परिवार का पहरा
दोनों के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था लेकिन जैसे ही अजय के परिजनों को इस रिश्ते की भनक लगी उन्होंने विरोध शुरू कर दिया. घरवालों ने अजय को अल्टीमेटम दिया कि अगर उसने अंजलि से शादी की तो उसे परिवार से रिश्ता तोड़ना होगा. परिवार के दबाव में आकर अजय ने अंजलि से दूरी बना ली जिससे परेशान होकर अंजलि शनिवार को आजमगढ़ से सीधे छपरा पहुँच गई. जब वहां बात नहीं बनी तो रविवार सुबह उसने खौफनाक कदम उठा लिया.
मौत का नोट लिखकर टावर पर चढ़ी युवती
अंजलि ने टावर पर चढ़ने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा मैं अंजलि राजभर, मुझे अजय मांझी से धूमधाम से शादी करनी है. कोर्ट मैरिज भी करनी है, नहीं तो मैं यहीं से कूदकर अपनी जान दे दूंगी. इसके बाद ही अजय के परिवार वालों को मझे अपनाना पड़ेगा. उनके परिवार वाले कहते हैं कि अगर तूम अंजलि से शादी करोगे तो घरवालों को भूल जाना होगा. जब तक वे लोग नहीं मानेंगे, तब तक मैं इस टावर से नहीं उतरूगी.
रेस्क्यू के दौरान हुई बेहोश और फिर उतरी नीचे
भीषण गर्मी और ऊंचाई के कारण करीब 4 घंटे बाद अंजलि की तबीयत बिगड़ने लगी और वह टावर पर ही बेहोश हो गई. मौके पर दाउदपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुँची. छपरा सदर एसडीओ नितेश कुमार ने खुद मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने और मामले की जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान विधानसभा को धमकी भरा मेल, 'दोपहर 12 बजे बम फटने वाले हैं, सभी VIP को तुरंत निकालें'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं