बीजेपी के विधायक राजकुमार सहयोगी.
लखनऊ:
यूपी के अलीगढ़ में बीजेपी विधायक ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि उसने उनकी पिटाई की, जबकि पुलिस वालों का आरोप है कि विधायक ने उन्हें पीटा.अलीगढ़ के इगलास इलाके के गोंडा थाना क्षेत्र के निवासी सलीम और रोहित के बीच ज़मीनी विवाद में मारपीट हुई. रोहित जो विश्व हिंदू परिषद से जुड़े बताए जाते हैं. उन्होंने सलीम के खिलाफ एफ़आईआर करा दी.
पुलिस ने जब मौके पे जाकर जांच की तो रोहित पक्ष की गलती भी सामने आई इसलिए उसने सलीम की तरफ से रोहित के खिलाफ क्रॉस एफ़आईआर भी दर्ज कर ली. रोहित के खिलाफ एफ़आईआर से नाराज़ बीजेपी विधायक राजकुमार सहयोगी ने अपने समर्थकों के साथ गोंडा थाना घेर लिया और प्रदर्शन किया.
थाने के चौकीदार ने आरोप लगाया कि विधायक और उनके साथी ने पुलिस को थप्पड़ मारे जबकि विधायक ने पुलिस पे मार पीट का आरोप लगाया है.