विज्ञापन

मुजफ्फरनगर में 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने मंदिर में मारी गोली

मुजफ्फरनगर के भौराकलां क्षेत्र में शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं.

मुजफ्फरनगर में 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने मंदिर में मारी गोली
मुजफ्फरनगर में पुजारी स्वामी देवानंद भारती की हत्या
Muzaffarnagar Police
  • मंदिर में पुजारी की हत्या से सनसनी, हमलावर बाइक से पहुंचे और फरार हुए
  • स्वामी देवानंद भारती हत्याकांड से हड़कंप, पुलिस ने गठित की 3 टीमें
  • आईटीआई कॉलेज परिसर के मंदिर में हत्या, CCTV और सर्विलांस खंगाल रही पुलिस
मुजफ्फरनगर:

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां भौराकलां थाना क्षेत्र के एक मंदिर में रहने वाले 81 वर्षीय पुजारी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं.

मंदिर परिसर में की गई हत्या

पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के अनुसार मृतक की पहचान स्वामी देवानंद भारती के रूप में हुई है, जो भौराकलां थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलेज परिसर स्थित शिव मंदिर में रहते थे. मंगलवार को अज्ञात हमलावर बाइक पर सवार होकर मंदिर पहुंचे और स्वामी देवानंद भारती को गोली मार दी. गोली लगने से पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए.

पुजारी की हत्या के बाद जांच में जुटी पुलिस की टीम

पुजारी की हत्या के बाद जांच में जुटी पुलिस की टीम
Photo Credit: मुजफ्फरनगर पुलिस की ओर से जारी तस्वीर

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मुजफ्फरनगर पुलिस की ओर से बताया गया कि घटना की सूचना मिलते ही भौराकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फोरेंसिक और फील्ड यूनिट टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर सूरज कुमार राय ने मौके का निरीक्षण कर जांच की प्रगति की समीक्षा की.

तीन टीमों का गठन

पुलिस ने हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और भौराकलां थाना पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें गठित की हैं. क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हमलावर मृतक के परिचित हो सकते हैं. हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.

गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और मामले की गहन जांच जारी है.

यह भी पढ़ें : कार में मिली पुजारी की लाश! सिर में लगी गोली, पुलिस ने शीशे तोड़कर निकाला शव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Priest Murder, Temple Priest Dead, Uttar Pradesh Crime, Muzaffarnagar, Priest Shot Dead
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com