- ग्रेटर नोएडा के हवेलिया वैलोनिया पार्क सोसाइटी में निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.
- आरोप है कि उसने AOA को सोसाइटी का कॉमन एरिया मेंटेनेंस का हैंडओवर दो वर्षों से नहीं दिया है.
- ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बिल्डर को एक माह में कॉमन एरिया का मेंटेनेंस AOA को सौंपने के निर्देश दिए हैं.
यूपी के ग्रेटर नोएडा के टेकजोन-4 स्थित हवेलिया वैलोनिया पार्क सोसाइटी में बिल्डर के खिलाफ निवासियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. सोसाइटी के लोगों का आरोप है कि बिल्डर पिछले करीब दो वर्षों से अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) को सोसाइटी का हैंडओवर नहीं दे रहा है. इसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. सोमवार को सोसाइटी के मुख्य गेट पर निवासियों और बिल्डर की मेंटेनेंस टीम के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. निवासियों का आरोप है कि बिल्डर ने बाउंसर बुलाकर उनके साथ धक्का-मुक्की करवाई और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया.
इस बीच ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बिल्डर कंपनी हवेलिया बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड को पत्र जारी कर सोसाइटी के कॉमन एरिया के मेंटेनेंस का हैंडओवर AOA को सौंपने के निर्देश दिए हैं. प्राधिकरण के 23 अक्टूबर 2026 के पत्र के अनुसार, सोसाइटी में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन का गठन हो चुका है. इसके लिए 21 सितंबर 2026 को चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई गई थी, जिसमें कुल 10 सदस्यों ने नामांकन दाखिल किया था और कार्यकारिणी का गठन किया गया था.
सोसाइटी के निवासी जल्द से जल्द हैंडओवर की मांग कर रहे हैं
प्राधिकरण ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि सोसाइटी की नियमावली के अनुसार एसोसिएशन में अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं. इस संबंध में डिप्टी रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, गाजियाबाद को भी सूचित किया गया था. प्राधिकरण ने बिल्डर को एक महीने के भीतर कॉमन एरिया के मेंटेनेंस का हैंडओवर AOA को सौंपने और वर्तमान में मेंटेनेंस का कार्य संभाल रही वैलेंसिया फैसिलिटी सर्विसेज एलएलपी का हस्तांतरण भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद से सोसाइटी के निवासी जल्द से जल्द हैंडओवर की मांग कर रहे हैं.
वहीं बिसरख कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि AOA के सदस्यों ने बिल्डर के खिलाफ सोसाइटी के गेट पर प्रदर्शन किया था. पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों को समाधान निकालने के लिए दो दिन का समय दिया गया है. पुलिस का कहना है कि दो दिनों के भीतर बिल्डर की ओर से AOA को हैंडओवर सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इस मामले में एनडीटीवी ने बिल्डर का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली थी. बिल्डर की प्रतिक्रिया मिलने पर खबर को अपडेट किया जाएगा.
ये भी पढ़ें : श्रीकृ्ष्ण जन्मभूमि पर जोर देगी भाजपा, कुल 5 मुद्दों पर बनेगी चुनावी रणनीति; मथुरा में क्या-क्या तय हुआ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं