विज्ञापन
This Article is From May 09, 2017

मेरठ पहुंचे सीएम योगी आदित्‍यनाथ, मलिन बस्‍ती में लिया साफ-सफाई का जायज़ा

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मेरठ पहुंचे, जहां उन्‍होंने मलिन बस्ती जाकर साफ़-सफ़ाई का जायज़ा लिया. इसके साथ ही उन्‍होंने स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने के अलावा कार्यकर्ताओं की एक सभा को भी संबोधित किया, जिसमें सफ़ाई और कानून-व्यवस्था को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को सजग रहने की हिदायत दी.

मेरठ पहुंचे सीएम योगी आदित्‍यनाथ, मलिन बस्‍ती में लिया साफ-सफाई का जायज़ा
उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मेरठ पहुंचे, जहां उन्‍होंने मलिन बस्ती जाकर साफ़-सफ़ाई का जायज़ा लिया. (फाइल फोटो)
नई दिल्‍ली: उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मेरठ पहुंचे, जहां उन्‍होंने मलिन बस्ती जाकर साफ़-सफ़ाई का जायज़ा लिया. इसके साथ ही उन्‍होंने स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने के अलावा कार्यकर्ताओं की एक सभा को भी संबोधित किया, जिसमें सफ़ाई और कानून-व्यवस्था को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को सजग रहने की हिदायत दी.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "हमें उत्तर प्रदेश में सफ़ाई पर ध्यान देना होगा. सबसे पहले हमें प्लास्टिक के इस्तेमाल में कमी करनी होगी. अगर हमारे शहर साफ़ होंगे तो विश्व में हमारी ख्याति होगी". मेरठ को स्वच्छता सर्वे में 339वां स्थान मिला है.. शायद यही वजह है कि मेरठ में दिए गए अपने भाषण में मुख्यमंत्री योगी ने सफाई पर विशेष ज़ोर दिया.

इससे पहले योगी मेरठ की मलिन बस्ती शेर गढ़ी गए, जहां 41 वर्षीय देवेंद्र ने योगी को बताया कि सीवर ना होने से गंदगी की समस्या बनी रहती है. देवेंद्र ने NDTV को बताया कि "हमने योगी जी को बताया कि सीवर नहीं होने से बरसात में नालियां जाम हो जाती हैं, जिस वजह से गंदा पानी जमा हो जाता है.. हमें बहुत तक़लीफ़ होती है." मीडिया को उम्मीद थी कि मलिन बस्ती में योगी लखनऊ की तरह झाड़ू लगा सकते हैं, इसलिए सुबह से मीडियाकर्मी ओबी वैन और कैमरा लेकर तैनात रहे, लेकिन योगी मलिन बस्ती में लोगों से मिलकर निकल गए. हालांकि बस्ती के बाहर ही दलित समुदाय ने इस बात पर नाराजगी जताई और हंगामा भी किया कि अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किए बिना मुख्‍यमंत्री कैसे निकल गए. 

रामकुमार जोकि दलित समुदाय से हैं उन्होंने कहा कि "डॉ. अंबेडकर का अपमान किया गया, जबकि हम माला की व्यवस्था किए हुए थे हमने योगी जी के लोगों से निवेदन भी किया पर उन्होंने मना कर दिया, जिससे पूरे समुदाय में नाराज़गी है." स्वच्छता के साथ-साथ योगी उन लोगों को भी हिदायत दे गए, जो हिंदुत्व के नाम पर गुंडागर्दी कर रहे है. उन्होंने साफ़ कहा कि कानून को अपने हाथ में कोई भी नहीं ले सकता और जाति और धर्म से ऊपर उठकर ही विकास किया जा सकता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com