Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में आए भीषण तूफान में उड़ने वाले नन्हे मियां से शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने मुलाकात की. मंत्री राठौर नन्हे मियां से मिलने अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना. मंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव मदद करेगी और इलाज का पूरा खर्च उठाया जाएगा. साथ ही वहां मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि नन्हे मियां के इलाज में कोई भी लापरवाही न बरती जाए.
50 फीट ऊपर उड़ गए थे नन्हे मियां
दरअसल, बरेली में बुधवार को आए तेज आंधी और चक्रवाती तूफान ने कई परिवारों की जिंदगी प्रभावित कर दी. इसी दौरान नन्हे मियां नाम का युवक टीन शेड पकड़कर खड़ा था, तभी तेज हवा का दबाव इतना बढ़ा कि वह टीन शेड समेत हवा में कई फीट ऊपर उठ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नन्हे मियां करीब 50 फीट तक हवा में चले गए और फिर दूर खेत में जाकर गिरे. हादसे में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

मंत्री राठौर नन्हे मियां से मिलने अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना.
नन्हे मियां से मिलने अस्पताल पहुंचे प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर
इस घटना की जानकारी मिलते ही बरेली के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने नन्हे मियां से मुलाकात की, परिवार से बात की और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली. मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए और जो भी खर्च आए, सरकार उसे वहन करेगी.
'किसी चमत्कार से कम नहीं...'
मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि यह दैवीय आपदा है और प्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने बताया कि जिन परिवारों को नुकसान हुआ है, उन्हें चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है. साथ ही मुख्यमंत्री कृषि दुर्घटना योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की मदद भी दी जा रही है. कई पीड़ितों को चेक वितरित किए गए हैं और कुछ लोगों के खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर किए गए हैं.
मंत्री ने नन्हे मियां की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह वह टीन शेड पकड़कर हवा में चले गए और फिर भी सुरक्षित बच गए, वह किसी चमत्कार से कम नहीं है. उन्होंने कहा, 'जाको राखे साइयां मार सके ना कोई. ऊपर वाले की कृपा से उनकी जान बच गई'.
गाड़ियों का कम इस्तेमाल करने की अपील
इस दौरान मंत्री ने देश के मौजूदा हालात और पेट्रोल-डीजल की स्थिति पर भी बात की. उन्होंने कहा कि ईरान-इजरायल युद्ध के कारण कच्चे तेल के आयात पर असर पड़ा है, जिससे थोड़ी दिक्कत बनी है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से गाड़ियों का कम इस्तेमाल करने की अपील की है और जनता उसका पालन भी कर रही है. उन्होंने दावा किया कि पेट्रोल-डीजल की खरीद में करीब 42 प्रतिशत तक कमी आई है.
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में भी विपक्ष ने वैक्सीन पर सवाल उठाए थे, जबकि देश के वैज्ञानिकों ने बेहतरीन काम किया था. उन्होंने कहा कि आज दुनिया तनाव में है, लेकिन भारत में स्थिति नियंत्रण में है और जनता को घबराने की जरूरत नहीं है.
ये भी पढ़ें: लखनऊ यूनिवर्सिटी पेपर लीक विवाद; छात्रा से अश्लील बातचीत के आरोप में प्रोफेसर हिरासत में, ऑडियो Viral
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं