विज्ञापन

पत्नी को वापस चाहते हो तो मां को मार दो... सास की शर्त पर बेटे ने मां को दे दिया जहर

आरोपी के भाई मुकेश ने आरोप लगाया कि रविंद्र की पत्नी अपने मायके में रह रही थी और उसकी सास ने उसकी वापसी की शर्त यह रखी थी कि रविंद्र अपनी मां को जहर खिला दे.

पत्नी को वापस चाहते हो तो मां को मार दो... सास की शर्त पर बेटे ने मां को दे दिया जहर
आगरा:

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति को अपनी ही मां को जहर देने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है. एफआईआर में आरोपी की सास का भी नाम है, उस पर जहर उपलब्ध कराने और इस अपराध के लिए उकसाने का आरोप है. पुलिस अब इन आरोपों की जांच कर रही है. घटना पिनाहट थाना क्षेत्र के बरपुरा गांव की है.

इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, ये घटना 9 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे घटी. रवींद्र ने कथित तौर पर छोले में जहर मिलाया और उसे अपनी मां राममूर्ति को खिला दिया. खाना खाने के बाद महिला गंभीर रूप से बीमार पड़ गई और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

एफआईआर में सास का नाम

पीड़िता के पति रणवीर सिंह ने इसकी शिकायत दर्ज कराई. एफआईआर के मुताबिक, रवींद्र ने कथित तौर पर अपने पिता को बताया कि ज़हरीली चीज उसे उसकी सास फूलवती ने दी थी. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फूलवती ने उसे गतपुर गांव बुलाया और जहर का एक पैकेट दिया. साथ ही, कथित तौर पर उससे कहा कि उसकी बेटी उसके साथ तभी रहने आएगी, जब वह अपनी मां को 'रास्ते से हटा' देगा.

ये आरोप FIR का हिस्सा है और पुलिस की जांच में इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है.

आरोपी के भाई मुकेश ने दावा किया कि हाल ही में उनका परिवार एक जमीन को लेकर विवाद में उलझा हुआ था. उन्होंने आरोप लगाया कि रविंद्र की पत्नी अपने मायके में रह रही थी और उसकी मां ने उसकी वापसी की शर्त यह रखी थी कि रविंद्र अपनी मां को जहर खिला दे. मुकेश ने आरोप लगाया कि रविंद्र ने बाद में छोले में जहर मिलाकर अपनी मां को खिला दिया. इन आरोपों की भी जांच चल रही है.

पुलिस ने रविंद्र और उसकी सास फूलवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61, 109 और 123 के तहत मामला दर्ज किया है. रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है.

पुलिस ने कहा कि आगे की कार्रवाई मेडिकल रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और जांच के दौरान जुटाए गए अन्य सबूतों पर निर्भर करेगी. एफआईआर में लगे आरोपों की जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: ग्वालियर से आगरा 75 मिनट में, 4 घंटे में दिल्ली, UP से एमपी-राजस्थान को जोड़ेगा 88 किमी का नया एक्सप्रेसवे

इसे भी पढ़ें: दिल्ली का पहला एलोपैथिक डॉक्टर, जो बैलगाड़ी पर सवार होकर आगरा से आया था

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Agra Crime News, Son Killed Mother
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com