- भारत और नेपाल के बीच अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली पहली सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है.
- इस आधुनिक ट्रेन सेवा का शुभारंभ 23 नवंबर को होने की संभावना है, आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है.
- पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वर्चुअल माध्यम से इस ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे.
भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्तों को एक नई उड़ान मिलने जा रही है. मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की नगरी अयोध्या को माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर से जोड़ने के लिए एक ऐतिहासिक ट्रेन सेवा की तैयारी पूरी हो चुकी है. दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह किसी बड़े उपहार से कम नहीं है. रेलवे सूत्रों के मुताबिक, इस आधुनिक ट्रेन सेवा का शुभारंभ 23 नवंबर को किए जाने की संभावना है. हालांकि, रेल मंत्रालय या सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
सूत्रों की मानें तो इस अंतरराष्ट्रीय रेल परियोजना के उद्घाटन को लेकर दोनों देशों के बीच उच्च स्तर पर सहमति बन चुकी है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह संयुक्त रूप से इस ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे. खास बात यह है कि दोनों देशों के शीर्ष नेता वर्चुअल माध्यम से इस ट्रेन को रवाना करेंगे. अयोध्या और जनकपुर के बीच चलने वाली यह अपनी तरह की पहली सीधी ट्रेन सेवा होगी, जो दोनों पड़ोसी देशों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगी.
चलेगी 20 कोच वाली मेल एक्सप्रेस
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस रूट पर 20 कोच वाली आधुनिक मेल एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन किया जाएगा. जनकपुर धाम और अयोध्या कैंट के बीच की यह दूरी लगभग 604 किलोमीटर है. यह ट्रेन रात के समय अयोध्या से रवाना होगी और अगली सुबह जनकपुर धाम पहुंचेगी. यह एक साप्ताहिक ट्रेन होगी, जो हफ्ते में एक दिन दोनों दिशाओं से संचालित की जाएगी. शेड्यूल के मुताबिक, यह ट्रेन जनकपुर धाम से हर शनिवार को और वापसी में अयोध्या कैंट से हर सोमवार को रवाना होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं