- 3 अरब यूजर्स वाले WhatsApp की नई रणनीति, बदल जाएगा ऐप इस्तेमाल करने का तरीका
- सिर्फ चैटिंग नहीं, अब बिल पेमेंट और AI असिस्टेंस भी देगा WhatsApp
- कुणाल शाह ने बताए WhatsApp के तीन बड़े फोकस एरिया
व्हाट्सऐप आने वाले समय में सिर्फ मैसेजिंग ऐप नहीं रहेगा, बल्कि AI, डिजिटल पेमेंट और रोजमर्रा की कई सेवाओं का एक बड़ा प्लेटफॉर्म बनने की दिशा में काम करेगा. जून 2026 में व्हाट्सऐप के ग्लोबल हेड का पद संभालने वाले कुणाल शाह ने कहा कि पिछले चार महीनों में उन्होंने यूजर्स की जरूरतों को समझने की कोशिश की है. उनके मुताबिक लोगों की सबसे बड़ी अपेक्षा यह है कि वे अपने करीबी लोगों से बेहतर तरीके से जुड़े रहें और व्हाट्सऐप पर ही ज्यादा काम आसानी से पूरे कर सकें.
कुणाल शाह ने बताया व्हाट्सऐप का भविष्य
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में कुणाल शाह ने लिखा, 'मैं व्हाट्सऐप को 3 अरब से ज्यादा लोगों द्वारा बोली जाने वाली एक साझा भाषा की तरह देखता हूं. कभी हम शब्दों का उपयोग करते हैं, कभी माता-पिता को भेजा गया वॉइस नोट, कभी किसी बहस को खत्म करने वाला स्टिकर और कभी रात के अंत में भेजा गया एक संदेश.'

कुणाल शाह की पोस्ट
Photo Credit: @kunalb11
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे लोगों के संवाद करने का तरीका बदल रहा है, वैसे-वैसे व्हाट्सऐप भी वॉइस नोट्स, ग्रुप चैट, स्टिकर्स और वीडियो सुविधाओं को अधिक सरल और प्रभावी बनाएगा.
इसी प्लेफार्म पर होगे कई काम
व्हाट्सऐप की दूसरी बड़ी प्राथमिकता डिजिटल सेवाओं और भुगतान प्रक्रियाओं को आसान बनाना है. कुणाल शाह ने कहा कि आज बिल भुगतान, पैसे उधार लेने या यात्रा के दौरान कनेक्टिविटी जैसी कई चीजों की शुरुआत व्हाट्सऐप चैट से होती है, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए यूजर्स को दूसरे ऐप्स पर जाना पड़ता है. उन्होंने कहा, 'हम फाइनेंसियल सर्विसेस और टेलीकॉम पार्टनर्स के साथ काम कर रहे हैं ताकि किसी काम को पूरा करना उतना ही आसान हो जितना एक बातचीत शुरू करना.'
AI बनेगा विकास की तीसरी बड़ी ताकत
व्हाट्सऐप की भविष्य की रणनीति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भी अहम भूमिका निभाएगा. कुणाल शाह ने कहा कि AI यूजर्स को जरूरी जानकारी ढूंढने, काम पूरे करने और महत्वपूर्ण अपॉइंटमेंट या बुकिंग याद रखने में मदद करेगा. उनके अनुसार, 'सबसे अच्छी तकनीक वही है जो आपका समय बचाए, ताकि आप उन लोगों के साथ ज्यादा समय बिता सकें जो आपके लिए महत्वपूर्ण हैं.'
प्राइवेसी से नहीं होगा समझौता
कुणाल शाह ने स्पष्ट किया कि नए फीचर्स के बावजूद व्हाट्सऐप की मूल पहचान नहीं बदलेगी. उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म पर हर दिन 100 अरब से अधिक संदेश और 2 अरब कॉल्स होती हैं और यूजर्स का भरोसा सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यक्तिगत संदेश और कॉल पहले की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगे. उनके अनुसार व्हाट्सऐप को सरल, भरोसेमंद और निजी बनाए रखने के सिद्धांतों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : सिर्फ चैटिंग-कॉलिंग नहीं.. WhatsApp के ये AI फीचर्स बदल देंगे पूरा एक्सपीरियंस, आज ही करें ट्राई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं