विज्ञापन
This Article is From Jun 19, 2012

आखिर कौन होगा पेस का जोड़ीदार...?

आखिर कौन होगा पेस का जोड़ीदार...?
भारतीय टेनिस की टेंशन ख़त्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। पेस-भूपति के टकराव ने इसे ऐसे हाल में पहुंचा दिया है जहां यह तय नहीं है कि ओलिंपिक्स में आख़िर कौन−कौन जाएगा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: भारतीय टेनिस की टेंशन ख़त्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। पेस−भूपति के टकराव ने इसे ऐसे हाल में पहुंचा दिया है जहां यह तय नहीं है कि ओलिंपिक्स में आख़िर कौन−कौन जाएगा। वैसे पेस और भूपति की जंग में टेनिस एसोसिएशन ने पेस का साथ दिया है।

लंदन ओलिंपिक्स से पहले पेस−भूपति की केमिस्ट्री टेनिस प्रेमियों के लिए सिरदर्द की वजह बनी हुई है। ओलिंपिक में अब तक टेनिस के डबल्स मुक़ाबले में इंडियन एक्सप्रेस जोड़ी कई बार पदक के पास पहुंचकर लड़खड़ा गई। 39 साल के पेस और 38 साल के भूपति के लिए यह आखिरी ओलिंपिक है और पेस−भूपति की डबल्स जोड़ी से पदक की शायद आखिरी उम्मीद भी है।

लंदन से पहले पेस−भूपति की जोड़ी विवादों के बवंडर में है। भारतीय टेनिस की दुनिया के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आख़िर कौन होगा लिएंडर पेस का जोड़ीदार।

लिएंडर और महेश भूपति के पेंच में अब इनके अलावा रोहन बोपन्ना और यूकी भांब्री जैसे खिलाड़ी भी फंस गए हैं। खेल मंत्रालय ने इस मसले पर टेनिस संघ से जवाब मांगा और जवाब में AITA ने पांच विकल्प रखे।

पहला विकल्प रखा कि दोनों खिलाड़ी आपसी मनमुटाव को भूलाकर देश हित में मैदान पर उतरे दूसरे विकल्प के तौर पर लिएंडर के साथ रोहन बोप्पना खेलें और भूपति बाहर रहे। जबकि तीसरे विकल्प में लंदन के लिए दो टीम भेजी जाएं… यानी भूपति के साथ बोपन्ना और लिएंडर के साथ कोई नीचे रैंक का खिलाड़ी भेजा जाए। चौथे विकल्प के तौर पर ओलिंपिक में एक ही टीम जाए जो भूपति और बोप्पना की हो… और लिएंडर ओलिंपिक में नहीं खेलें। आख़िरी विकल्प के तौर पर पेस के साथ यूकी भांब्री की जोड़ी बनाने की बात हुई और भूपति−बोप्पना को संघ के ख़िलाफ़ जाने की सज़ा मिले।

भारतीय टेनिस संघ के जवाब के बाद खेल मंत्रालय ने साफ़ कर दिया कि संघ मामले को खुद सुलझा ले और मंत्रालय इस में दखल देना नहीं चाहती।

टेनिस संघ हर हाल में सिर्फ़ एक टीम लंदन भेजने को तैयार है। पेस और भूपति के बीच झगड़ा कोई नई कहानी नहीं है। लेकिन लंदन ओलिंपिक से पहले हल निकलना मुश्किल सवाल बनकर खड़ा है। पेस−भूपति विवाद के बाद कोई भारतीय जोड़ी पोडियम पर पहुंच पाएगी या नहीं यह भी एक बड़ा सवाल है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लिएंडर पेस, Leander Paes, London Olympics, Mahesh Bhupathi, महेश भूपति, लंदन ओलिम्पिक्स, लंदन ओलिम्पिक
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com