सोमदेव देवबर्मन पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) द्वारा सोमवार को जारी एकल विश्व वरीयता क्रम में 80वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:
भारत के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकल टेनिस स्टार सोमदेव देवबर्मन पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) द्वारा सोमवार को जारी एकल विश्व वरीयता क्रम में 80वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस वरीयता क्रम में यह सोमदेव की अब तक की सबसे अच्छी स्थिति है। एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले सोमदेव भले ही दक्षिण अफ्रीका ओपन का खिताब नहीं जीत सके लेकिन इस टूर्नामेंट से उन्होंने 150 एटीपी अंक हासिल किए, जो उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में मददगार रहा। रविवार को दक्षिण अफ्रीका ओपन के फाइनल में केविन एंडरसन के हाथों हारने वाले सोमदेव ने इन 150 रेटिंग अंकों के साथ वरीयता क्रम में 30 अंकों की छलांग लगाई, जो किसी एक सप्ताह में उनके द्वारा लगाई गई अब तक की सबसे बड़ी छलांग है। सोमदेव ने हाल ही में कहा था कि इस वर्ष उनका लक्ष्य शीर्ष-50 में जगह बनाना है। बीते वर्ष शीर्ष-100 में जगह बनाने वाले सोमदेव जिस अंदाज में दिन-दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रहे हैं, उसे देखते हुए उनके मनोवांक्षित रैंकिंग तक पहुंचने के पूरे-पूरे आसार हैं। इस बीच, नौ वर्ष बाद युगल मुकाबलों में खेल रहे महेश भूपति और लिएंडर पेस ने युगल रैंकिंग में अपना स्थान बरकरार रखा है। भूपति पांचवें क्रम पर हैं जबकि पेस छठे क्रम पर विराजमान हैं। महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) की रैंकिंग में सानिया मिर्जा इस हफ्ते नफा-नुकसान से बची रही हैं। एकल में उनकी रैंकिंग 135वीं है जबकि युगल में वह 66वें स्थान पर हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
एटीपी, रैंकिंग, सोमदेव