विज्ञापन
This Article is From May 14, 2018

राफेल नडाल को पीछे छोड़कर रोजर फेडरर फिर बने नंबर वन टेनिस प्‍लेयर...

मैड्रिड ओपन के क्वार्टर फाइनल में हार का स्‍पेन के राफेल नडाल को खासा नुकसान हुआ है.

राफेल नडाल को पीछे छोड़कर रोजर फेडरर फिर बने नंबर वन टेनिस प्‍लेयर...
रोजर फेडरर मार्च के बाद से कोर्ट में नहीं उतरने के बावजूद वर्ल्‍ड नंबर वन खिलाड़ी बन गए हैं (फाइल फोटो)
  • मैड्रिड ओपन के क्‍वार्टर फाइनल में हारना नडाल को भारी पड़ा
  • पूर्व नंबर वन नोवाक जोकोविक रैकिंग में 18वें स्‍थान पर पहुंचे
  • मार्च से बाद से कोर्ट में नहीं उतरे हैं फेडरर, फिर भी बने नंबर वन
पेरिस: मैड्रिड ओपन के क्वार्टर फाइनल में हार का स्‍पेन के राफेल नडाल को खासा नुकसान हुआ है. इस हार के बाद नडाल को अपनी शीर्ष रैंकिंग गंवानी पड़ी है. उन्‍हें पछाड़ते हुए स्विट्जरलैंड के स्‍टार खिलाड़ी रोजर फेडरर एक बार फिर एटीपी रैंकिंग के 'बादशाह' बन गए हैं. फेडरर मार्च के बाद टेनिस कोर्ट में एक बार भी नहीं उतरने के बावजूद भी आज जारी ताजा रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए हैं. पूर्व विश्व नंबर एक नोवाक जोकोविच को मैड्रिड मास्टर्स के दूसरे दौर में हार का खामियाजा भुगतना पड़ा और वह छह स्थान नीचे खिसक कर रैंकिंग में 18 वें स्थान पर पहुंच गए. इस टूर्नामेंट को जीतने वाले अलेक्जेंडर ज्वेरेव तीसरे स्थान पर बरकरार हैं.

यह भी पढ़ें: शानदार प्रदर्शन करते हुए रोजर फेडरर फाइनल में पहुंचे, बनाया यह रिकॉर्ड..

मैड्रिड मास्टर्स में नडाल को हराने वाले डोमिनिक थियेम ( आठवें स्थान पर ) भी एक पायदान नीचे खिसक गए हैं जिन्हें सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन ने शिकस्त दी. इस जीत के साथ ही एंडरसन अपनी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग, सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं. रैंकिंग में सबसे ज्यादा फायदा इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले डेनिस शापोवालोव को हुआ , जो 14 स्थानों के सुधार के साथ 29वें स्थान पर पहुंच गए हैं. भारत के लिहाज से बात करें तो युकी भांबरी ताजा विश्व एकल रैंकिंग में आठ पायदान नीचे खिसक गए हैं.युकी हालांकि अब भी शीर्ष 100 में बने हुए हैं. वह ताजा रैंकिंग में 94वें नंबर पर खिसक गए हैं. भारतीय खिलाड़ियों में उनके बाद रामकुमार रामनाथन (124वें) और प्रजनेश गुणेश्वरन (175वें) का नंबर आता है.

वीडियो: ऑस्‍ट्रेलियन ओपन में रोजर फेडरर बने चैंपियन
महिलाओं में मैड्रिड ओपन में जीत दर्ज करने वाली चेक गणराज्य की पेट्रा क्वितोवा को दो स्थानों का फायदा हुआ और वह रैंकिंग में आठवें स्थान पर पहुंच गई हैं. फाइनल में क्वितोवा से हारने के बाद भी किकी बेर्टींस ने रैंकिंग में पांच स्थानों का सुधार किया और वह 15 वें स्थान पर आ गईं. रैंकिंग में रोमानिया की सिमोना हालेप , डेनमार्क की कैरोलीन वोज्नियाकी और स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा शीर्ष पर बनीं हुई हैं.(इनपुट: एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ATP Ranking, Rafael Nadal, Roger Federer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com