नेटफ्लिक्स ने हाल ही में अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में ऐलान किया है कि टेनिस लेजेंड राफेल नडाल उर्फ ‘राफा' पर आधारित चार एपिसोड वाली डॉक्यूमेंट्री सीरीज 'RAFA' 29 मई 2026 को रिलीज होगी. यह सीरीज 'किंग ऑफ क्ले' राफेल नडाल के करियर के अंतिम वर्ष 2024 पर फोकस करती है, जिसमें चोटों से जूझना, पिता बनना और रिटायरमेंट का फैसला शामिल है. ऑस्कर नॉमिनेटेड डायरेक्टर जैकरी हाइनजरलिंग निर्देशित यह सीरीज अनसिन आर्काइवल फुटेज, परिवार और करीबी दोस्तों के इंटरव्यूज के साथ नडाल की जिंदगी का गहरा और इंटीमेट पोर्ट्रेट पेश करेगी. इसमें रोजर फेडरर, नोवाक जोकोविच और जॉन मैकनरो जैसे सितारे भी नजर आएंगे.
यह भी पढ़ें: Apex Movie Review in Hindi: 2 एक्टर, एक शिकार, दूसरा शिकारी, सांसें रोक देगी नेटफ्लिक्स की एपेक्स, पढ़ें मूवी रिव्यू
14 बार जीता है फ्रेंच ओपन
राफेल नडाल का जन्म 3 जून 1986 को स्पेन के मल्लोर्का द्वीप के मनाकोर में हुआ था. सिर्फ साल की उम्र में उनके अंकल टोनी नडाल ने उन्हें टेनिस की ट्रेनिंग शुरू कराई, जो 2017 तक उनके कोच रहे. दाहिने हाथ से लिखने वाले राफा ने लेफ्ट-हैंडेड स्टाइल चुना. उनकी दमदार फोरहैंड ने दुनिया का 'किंग ऑफ क्ले' बना दिया. उन्होंने 2005 में पहला फ्रेंच ओपन जीता और रिकॉर्ड 14 बार रोलां गैरोस का खिताब अपने नाम किया. यह किसी भी टूर्नामेंट का सबसे ज्यादा जीतने का रिकॉर्ड है. कुल 22 ग्रैंड स्लैम खिताब (2 ऑस्ट्रेलियन ओपन, 14 फ्रेंच ओपन, 2 विंबलडन, 4 यूएस ओपन) के साथ वे टेनिस इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में शुमार हैं.
राफेल नडाल के बारे में खास बातें
दाएं हाथ से लिखते और सब काम करते हैं, लेकिन टेनिस लेफ्ट-हैंडेड खेलते हैं. अंकल टोनी ने बचपन में दो-हाथ फोरहैंड से एक-हाथ फोरहैंड पर स्विच करवाया. मजेदार यह है कि मैच से पहले वह कुछ खास बातों का ध्यान रखते थे, जैसे जुराबें बिल्कुल बराबर रखना. पानी की बोतलेों का लेबल कोर्ट की तरफ. कोर्ट की लाइन्स पर पैर न रखना. मैच से 45 मिनट पहले आइस-कोल्ड शावर.
RAFA में क्या आएगा नजर
डॉक्यूमेंट्री ना सिर्फ कोर्ट के बाहर की मेहनत, चोटों से लड़ाई और मानसिक मजबूती दिखाएगी, बल्कि नडाल की विरासत को भी उजागर करेगी. ‘बिग थ्री' (नडाल, फेडरर, जोकोविच) ने टेनिस को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया. यह सीरीज टेनिस प्रेमियों के लिए खास है, क्योंकि यह दिखाती है कि सफलता सिर्फ ट्रॉफी नहीं, बल्कि सीमाओं को पार करने की कहानी है. 29 मई को नेटफ्लिक्स पर ‘RAFA' देखने का इंतजार अब खत्म होने वाला है. राफा की कहानी न सिर्फ टेनिस की है, बल्कि इंसानी जज्बे की भी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं