नए साल में टेनिस का टी-20 फॉर्मेट फास्ट फोर टूर्नामेंट खेलने के बाद खिलाड़ी तैयार हैं ऑस्ट्रेलियन ओपन में असली टेस्ट के लिए। सोमवार यानि 19 जनवरी से मुकाबले शुरू हो रहे हैं।
फैन्स और जानकारों की निगाहें सबसे ज़्यादा मेलबर्न में रफ़ाइल नडाल पर रहेंगी। पिछले सात महीनों में नडाल चोट से परेशान रहे हैं और प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा।
2009 के चैंपियन नडाल का खुद मानना है कि साल के पहले ग्रैंड स्लैम में राह आसान नहीं रहने वाली है।
डिफ़ेंडिंग चैंपियन स्टैंसिलास वेवरिंका के लिए भी मुश्किल बड़ी है।
वर्ल्ड नंबर-1 नोवाक जोकोविच और वर्ल्ड नंबर-2 रोजर फेडरर दोनों अच्छी फ़ॉर्म में है और पांचवी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन को जीतने की कोशिश करेंगे।
महिला वर्ग में मुकाबला खुला है, क्योंकि पिछली बार की चैंपियन चीन की ली ना अंतरराष्ट्रीय टेनिस से संन्यास ले चुकी हैं।
सेरेना विलियम्स का इरादा मेलबर्न में पांच साल के बाद दोबारा से चैंपियन बनने का है।
हाल फिलहाल में ब्रिसबेन ओपन का खिताब जीतने वाली मारिया शारापोवा भी खिताब की दावेदार हैं। ऑस्ट्रेलियन ओपन में अच्छा प्रदर्शन उन्हें वर्ल्ड नंबर-1 बना सकता है।
भारतीय उम्मीद सानिया मिर्ज़ा पर टिकी हैं। जिन्होंने सिडनी इंटरनेशनल का ख़िताब पहली बार जीतकर नए साल की धमाकेदार शुरुआत की है।
सानिया नई जोड़ीदार सी वी हेशे के साथ महिला डबल्स में दावेदारी पेश करेंगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं