देश की शीर्ष युगल बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा अपने गृहनगर हैदराबाद में बैडमिंटन अकादमी खोलने की योजना बना रही हैं।
राष्ट्रमंडल खेल-2010 में युगल स्पर्धा की स्वर्ण पदक विजेता ज्वाला लंबे समय से देश में भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के अधीन खेल की मौजूदा स्थिति से नाखुशी जताती रही हैं, तथा एक अकादमी की शुरुआत कर इसमें बदलाव लाना चाहती हैं।
आगामी राष्ट्रीय सीनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप में अपने मैच से पहले शनिवार को ज्वाला ने बताया, "जी हां, मैं एक अकादमी शुरू करने पर विचार कर रही हूं। इसके लिए मैंने सरकार से बातचीत की है, तथा उन्हें अपना प्रस्ताव भेज चुकी हूं। भारत में आज जिस स्थिति में बैडमिंटन है, उसमें मैं एक अकादमी शुरू करने पर विचार कर रही हूं, जहां सिर्फ और सिर्फ बैडमिंटन ही सिखाया जाएगा। देखते हैं आगे क्या होता है..।"
ज्वाला 2011 के विश्व चैम्पियनशिप की युगल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर चुकी हैं। ज्वाला से अपनी अकादमी के बारे में नई सुविधा दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हैदराबाद में इसके लिए पहले से ही बहुत जगह है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं