विज्ञापन
This Article is From Feb 19, 2012

ओलिंपिक क्वालीफायर्स (महिला) : भारत, द. अफ्रीका जीते

भारतीय टीम ने अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए नेशनल स्टेडियम में जारी हीरो एफआईएच रोड टू लंदन क्वालीफाईंग टूर्नामेंट के अपने दूसरे पूल मैच में कनाडा को 4-1 से हरा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: यूक्रेन के खिलाफ सुस्ती दिखाने के कारण ड्रॉ को मजबूर भारतीय टीम रविवार को नुकसान की भरपाई के लिए नींद से जागी और अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए नेशनल स्टेडियम में जारी हीरो एफआईएच रोड टू लंदन क्वालीफाईंग टूर्नामेंट के अपने दूसरे पूल मैच में कनाडा को 4-1 से हरा दिया।

भारत के लिए सौंदर्य येंडाला (16वें), रानी रामपाल (19वें), सुशीला चानू (29वें) और अनुराधा देवी (48वें) मिनट में गोल किया। टूर्नामेंट में सौंदर्य का यह दूसरा गोल है। उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ शनिवार को भी एक गोल किया था। कनाडा के लिए एकमात्र गोल हाना हॉन ने किया।

भारत ने मैच शुरू होने के साथ ही दाहिने और बाएं किनारे से जोरदार आक्रमण किया। शुरुआती पलों में उसके कई आक्रमण बेकार गए लेकिन 16वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर पर भारत ने खाता खोला।

भारत के लिए यह गोल सौंदर्य ने किया। यूक्रेन के खिलाफ काफी लचर खेल दिखाने वाली स्टार खिलाड़ी रानी रामपाल दूसरे मैच में काफी सक्रिय नजर आईं।

रानी ने सेंटर से कई बार जोरदार आक्रमण किए लेकिन 19वें मिनट में रानी का आक्रमण टीम को 2-0 की बढ़त दिलाने में सफल रहा। रानी ने एक शानदार फील्ड गोल के साथ अपना खाता खोला।

भारत ने अपनी तीसरा गोल पेनाल्टी कार्नर के जरिए 29वें मिनट में किया। इस गोल में सुशीला चानू का हाथ है। चानू ने लगातार दो पेनाल्टी कार्नर बेकार जाने के बाद तीसरे प्रयास में गोल करने मे सफलता हासिल की। यह गोल 29वें मिनट में हुआ।

दूसरे हाफ में कनाडा ने भारतीय टीम को कुछ परेशान किया। इस दौरान उसने कई बार जोरदार हमले किए लेकिन उस एक प्रयास भी गोलपोस्ट के करीब तक नही पहुंच सका।

बीच-बीच में भारत ने भी आक्रमण जारी रखा, जिसका फायदा उसे 48वें मिनट में मिला जब अनुराधा ने अपनी साथी खिलाडी रितु रानी के पास को शानदार तरीके से डिफलेक्ट किया और अपनी टीम को 4-0 से आगे कर दिया।

अंतिम मिनट में कनाडा ने बड़े ही नाटकीय तरीके से अपना खाता खोला। कप्तान केटी बाकेर गेंद लेकर भारतीय डी में घुसीं और गेंद हाना को पास कर दिया। हाना ने गेंद को गोलपेस्ट में डाला। भारत की सुभद्रा प्रधान ने गेंद रोकने की पूरी कोशिश की लेकिन वह सफल नही हो सकीं।

दिन के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने यूक्रेन को 2-0 से हराया। यूक्रेन ने शनिवार को भारत को 1-1 की बराबरी पर रोका था। दक्षिण अफ्रीका को शनिवार को उद्घाटन मैच में पोलैंड के खिलाफ बड़ी मुश्किल से जीत मिली थी। दक्षिण अफ्रीका ने वह मैच 2-1 से जीता था। रविवार को पोलैंड को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। उसे इटली ने 4-1 से पराजित किया।

इस टूर्नामेंट की सर्वोच्च वरीय टीम दक्षिण अफ्रीका ने 26वीं वरीय यूक्रेनी टीम के खिलाफ पहले ही हाफ में दो गोल कर दिए थे। पहला गोल 20वें मिनट में पैटी कोएत्जी ने किया जबकि दूसरा गोल टारेन ब्राइट की स्टिक से निकला।

इसके बाद इटली ने अपने दूसरे मुकाबले में पोलैंड को 4-1 से हरा दिया। इटली ने पहले मुकाबले में शानिवार कनाडो को 2-2 की बराबरी पर रोका था जबकि पोलैंड को दक्षिण अफ्रीका के हाथों 1-2 से हार मिली थी।

इटली के लिए मैग्डालेना जुरेक ने तीन गोल किए जबकि जोआना विटके ने एक गोल किया। पोलैंड की ओर से अगाता वाईबिएरालस्का ने एकमात्र गोल किया।

मध्यांतर तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकी थीं। पहला गोल विटके ने 41वें मिनट में किया। इसके बाद मैग्डालेना ने 43वें और 48वें मिनट में लगातार दो गोल करके अपनी टीम को 3-1 से आगे कर दिया।

पोलैंड की ओर से 49वें मिनट में पहला गोल हुआ। इस गोल के बाद पोलिश टीम ने बराबरी करने के लिए अपने आक्रमण में तेजी दिखाई लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ क्योंकि मैग्डालेना ने 65वें मिनट में अपना तीसरा गोल करने के साथ अपनी टीम को 4-1 से आगे कर दिया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ओलिंपिक क्वालीफायर्स, भारत, India, द. अफ्रीका, S. Africa
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com