निशानेबाजी और एथलेटिक्स में मिली निराशा से उबरते हुए भारतीय खिलाड़ियों ने मुक्केबाजी, तीरंदाजी, कुश्ती और हॉकी में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदकों की झड़ी लगा दी जिससे एशियाई खेलों में खराब शुरुआत के बावजूद भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया.
हांग्झोउ की तुलना में फीका रहा प्रदर्शन
हांग्झोउ में हुए पिछले एशियाई खेलों में भी भारत इसी पायदान पर था लेकिन तब पदकों की संख्या इस बार से काफी ज्यादा थी. भारत 21 गोल्ड सहित 85 पदकों के साथ अभियान समाप्त करने की स्थिति में है, जबकि 2023 में भारत ने 28 स्वर्ण और 106 कुल पदक जीते थे.
निशानेबाजी और एथलेटिक्स ने बढ़ाई चिंता
एशियाई खेलों का पहला सप्ताह भारत के लिए निराशाजनक रहा. चीन में सात स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज इस बार व्यक्तिगत राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं में एक भी स्वर्ण पदक नहीं जीत सके. वहीं एथलेटिक्स में भी स्वर्ण पदकों की संख्या छह से घटकर एक रह गई.
टॉप-10 से बाहर हुआ भारत, नीरू ढांडा ने रचा इतिहास
एथलेटिक्स और निशानेबाजी में उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन नहीं होने के कारण भारत एक समय पदक तालिका में शीर्ष-10 से भी बाहर चल रहा था. शुरुआती 10 दिनों की निराशा के बाद भारतीय दल के लिए सबसे बड़ी खुशियों में से एक निशानेबाज नीरू ढांडा ने दी. उन्होंने ट्रैप इवेंट में स्वर्ण जीतकर एशियाई खेलों के इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बनने का गौरव प्राप्त किया.
ट्रैप मिश्रित टीम में भी गोल्ड, रिकर्व तीरंदाजों ने बदली तस्वीर
नीरू ढांडा ने काइनान चेनाई के साथ मिलकर ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी उपलब्धि को और खास बना दिया. कंपाउंड तीरंदाजी में लगातार सफलता के बीच इस बार रिकर्व तीरंदाजों ने भी ऐतिहासिक योगदान दिया. महिला रिकर्व टीम ने दक्षिण कोरिया को हराकर पहली बार स्वर्ण पदक जीता.
कुमकुम मोहोद व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट में जीता गोल्ड
महिला टीम की सफलता के बाद कुमकुम मोहोद ने व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर भारत के लिए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की. मुक्केबाजी में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लवलीना बोरगोहेन, परवीन और अंकुश के जरिए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए.
कुश्ती में भी लौटी भारतीय दबंगई, प्रणवी ने गोल्फ में रचा इतिहास
हांग्झोउ में एक भी स्वर्ण नहीं जीत पाने वाली भारतीय कुश्ती टीम ने इस बार अमन सहरावत और सुजीत कलकल के जरिए दो स्वर्ण पदक हासिल किए. महिला गोल्फर प्रणवी उर्स एशियाई खेलों में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं. उनके प्रदर्शन से भारत को टीम स्पर्धा में भी रजत पदक मिला.
क्रिकेट में दो स्वर्ण, हॉकी में बना ऐतिहासिक डबल
पुरुष क्रिकेट टीम ने दबाव भरे फाइनल में पाकिस्तान को हराकर भारत की झोली में एक और स्वर्ण पदक डाला. पुरुष हॉकी टीम ने अपेक्षित प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि महिला टीम ने भी सोना जीतकर इतिहास रच दिया. एशियाई खेलों में पहली बार भारत की पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों ने स्वर्ण पदक जीते.
अंतिम चरण में भारत की जोरदार वापसी
क्रिकेट और कबड्डी में भी भारत ने उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में महत्वपूर्ण स्वर्ण पदक जोड़े. प्रतियोगिता के आखिरी चरण में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने चौथा स्थान मजबूत किया और पदक तालिका में सम्मानजनक स्थिति हासिल करने की ओर कदम बढ़ाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं