विज्ञापन
This Article is From Apr 06, 2017

20 साल बाद फीफा रैंकिंग में 101वें स्थान पर पहुंचा भारत, ब्राजील शीर्ष पर

20 साल बाद फीफा रैंकिंग में 101वें स्थान पर पहुंचा भारत, ब्राजील शीर्ष पर
भारतीय फुटबाल टीम के खेल प्रदर्शन में लगातार सुधार आ रहा है (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: खेल प्रेमियों के लिए यह अच्छी ख़बर है कि क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों में भी भारत की स्थिति लगातार सुधरती जा रही है. फुटबाल की बात करें तो भारत के खिलाड़ियों की मेहनत की बदौलत फीफा रैंकिंग में भी हमने खासा सुधार किया है. कंबोडिया और म्यांमा के खिलाफ हाल में अच्छे नतीजे हासिल करने के दम पर भारतीय फुटबाल टीम फीफा की ताजा विश्व रैंकिंग में लंबी छलांग लगाकर 101वें स्थान पर पहुंच गई है जो पिछले 20 से अधिक वर्षों में उसकी सबसे अच्छी रैंकिंग हैं.

भारत पिछले महीने तक 132वें स्थान पर था लेकिन कंबोडिया के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय मैत्री मैच में 3-2 और म्यांमा के खिलाफ एएफसी एशिया कप क्वालीफायर में 1-0 की जीत से वह 31 पायदान की लंबी छलांग लगाने में सफल रहा. इससे भारत दो दशक के बाद पहली बार शीर्ष 100 में जगह बनाने के करीब पहुंच गया है.

भारत की सर्वश्रेष्ठ फीफा रैंकिंग 94 है जो उसने फरवरी 1996 में हासिल की थी. इसके अलावा भारत नवंबर 1993 में 99वें तथा अक्तूबर 1993, दिसंबर 1993 और अप्रैल 1996 में 100वें स्थान पर रहा था. पिछले दो वर्षों में भारतीय टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया. इस बीच उसने 13 मैच खेले और इनमें से 11 में जीत दर्ज की. इन मैचों में उसने कुल 31 गोल किए.

राष्ट्रीय कोच स्टीफन कान्सटेनटाइन ने इसे पूरी टीम का प्रयास करार दिया उन्होंने कहा, ‘राह काफी मुश्किल थी. नए खिलाड़ियों को लाना और टीम में प्रतिस्पर्धा तैयार करना एक प्रक्रिया है और मुझे खुशी है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.’ कान्सटेनटाइन ने फरवरी 2015 में जब दूसरी बार भारतीय टीम का कोच पद संभाला था तब उसकी रैंकिंग 171 थी. इसके बाद वह मार्च 2015 में 173वें स्थान पर खिसक गई थी लेकिन बाद में लगातार अच्छे प्रदर्शन से टीम की रैंकिंग में भी सुधार होता गया.

अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और महासचिव कुशाल दास ने इस उपलब्धि के लिए टीम को बधाई दी और इसका श्रेय खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को दिया.

भारत नई रैंकिंग हासिल करने के बाद अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच सात जून को लेबनान के खिलाफ खेलेगा. इसके बाद वह एएफसी एशिया कप क्वालीफायर में 13 जून को घरेलू सरजमीं पर किर्गीज गणराज्य का सामना करेगा.

(इनपुट भाषा से)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com