विज्ञापन
This Article is From Jun 23, 2012

यूरो कप-2012 : रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड के सामने होगी इटली

इंग्लैंड की टीम यूरो कप-2012 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में रविवार को वर्ष 1968 की चैम्पियन टीम इटली के सामने होगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कीव: इंग्लैंड की टीम यूरो कप-2012 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में रविवार को वर्ष 1968 की चैम्पियन टीम इटली के सामने होगी।

दोनों टीमों ने लीग चरण में कोई भी मुकाबला नहीं गंवाया है। ऐसे में दोनों का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है और दोनों सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बेकरार हैं।

इंग्लैंड ने अपना पहला लीग मुकाबला फ्रांस के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला था जबकि दूसरे मुकाबले में उसने स्वीडन को 3-2 से हराया था वहीं लीग के तीसरे और अंतिम मुकाबले में इंग्लिश टीम ने सह मेजबान यूक्रेन को 1-0 से पराजित किया था। इंग्लैंड की टीम ने सात अंक अर्जित कर ग्रुप-'डी' में शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है।

उधर, इटली की टीम ने भी लीग स्तर पर अपना पहला मुकाबला मौजूदा यूरो कप चैम्पियन और विश्व चैम्पियन स्पेन से 1-1 से ड्रॉ खेला था जबकि उसका दूसरा मुकाबला भी क्रोएशिया से 1-1 से ड्रॉ रहा था। तीसरे और अंतिम लीग मुकाबले में इटली ने आयरलैंड को 2-0 से हराया था। इटली की टीम पांच अंक के साथ ग्रुप-'सी' में दूसरे स्थान पर रहकर अंतिम आठ में जगह बनाई है।

दोनों टीमों में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है। इंग्लैंड की टीम स्टार खिलाड़ी वायने रूनी के आने से मजबूत हुई है।

रूनी ने दो मैचों के निलम्बन के बाद अंतिम लीग मुकाबले में यूक्रेन के खिलाफ वापसी की थी। उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ शानदार अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

रूनी ने इस मुकाबले में एक गोल किया था जो निर्णायक साबित हुआ। स्ट्राइकर डैनी वेलबैक के 'बैकहील फ्लिक' गोल को भला कौन भूल सकता है, जिन्होंने स्वीडन के खिलाफ थियो वालकॉट की ओर से दिए गए एक खूबसूरत पास पर विजयी गोल कर खूब वाहवाही लूटी।

दूसरी ओर,  वर्ष 2000 में उप विजेता से संतोष करने वाली इटली की टीम इस बार एक कदम आगे बढ़ना चाहेगी। स्टार स्ट्राइकर मारियो बोलोटेली से इटली को काफी उम्मीदे होंगी, जिन्हें अंतिम लीग मुकाबले में आयरलैंड के खिलाफ मैदान पर बतौर स्थानापन्न खिलाड़ी उतारा गया था। इस मुकाबले में बोलोटेली ने मैच के अंतिम क्षणों में गोल कर अपनी टीम को 2-0 से जीत दिलाई थी।

इटली की नजरें स्ट्राइकर एंटोनियो कासानो और आंद्रिया पिर्लो पर भी होगी। इटली के खिलाड़ी लियोनाडरे बोनूकी ने कहा, "हमें लगता है कि हम एक अच्छी टीम हैं। हमें भाग्य की भी जरूरत है। हमें इंग्लैंड से चौकस रहना होगा। हमें रक्षापंक्ति पर ध्यान केंद्रित करना होगा।"

इंग्लैंड के मिडफील्डर स्कॉट पार्कर ने कहा, "इटली एक अच्छी टीम है। हम उनके खिलाफ मुकाबले को तैयार हैं।" दोनों टीमों में बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं और ऐसे में दोनों के बीच एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा सकती है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
यूरो कप-2012, Euro Cup-2012, इंग्लैंड, England, Italy, इटली
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com