विज्ञापन
This Article is From Jan 30, 2015

आस्ट्रेलियन ओपन : पेस-हिंगिस मिश्रित युगल फाइनल में, सानिया का सफर खत्म

ऑस्ट्रेलियन ओपन के मिक्स्ड डबल्स के फाइनल में दो भारतीय खिलाड़ियों का आमने-सामने खेलने का सपना उस समय टूट गया, जब 14 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके भारत के लिएंडर पेस तो सेमीफाइनल में जीत गए, लेकिन दूसरे सेमीफाइनल में सानिया मिर्ज़ा हार गईं।

पेस ने अपनी नई जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन के मिक्स्ड डबल्स मुकाबलों के फाइनल में जगह बनाने के लिए सेमीफाइनल में चीनी ताइपै की सू वेइ सियेह और उरुग्वे के पाब्लो कूवास की गैर-वरीय जोड़ी को 7-5, 6-4 से हराया। सातवीं वरीयताप्राप्त इस जोड़ी को अपना मुकाबला जीतने में एक घंटा 14 मिनट लगे। 41-वर्षीय लिएंडर पेस आठ पुरुष डबल्स और छह मिक्स्ड डबल्स खिताब अपने नाम कर चुके हैं, और हिंगिस भी पांच एकल समेत 14 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी हैं।

लेकिन दूसरी ओर, लिएंडर पेस की तरह भारत की सानिया मिर्ज़ा मिक्स्ड डबल्स के फाइनल में नहीं पहुंच पाईं, और नेस्टर-म्लाडेनोविच की जोड़ी ने सेमीफाइनल में सानिया मिर्ज़ा और ब्रूनो सुआरेज़ की जोड़ी को 6-3, 2-6 और 10-8 से मात दी।

पेस और हिंगिस ने सेमीफाइनल में सियेह की सर्विस तीन बार तोड़ी। सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने पहले ही गेम में ब्रेकप्वाइंट हासिल कर लिया, जिस पर हिंगिस बैकहैंड विनर लगाने से चूक गईं। अगले गेम में पेस की सर्विस टूटी, जब सियेह ने ड्यूस पर विनर लगाकर 2-0 की बढ़त ले ली। शुरुआत में पेस और हिंगिस के दूर होकर खेलने का विरोधियों ने फायदा उठाया और आराम से विनर लगाए, हालांकि इन अनुभवी खिलाड़ियों ने जल्दी वापसी की।

हिंगिस ने सातवें गेम में सियेह की सर्विस तोड़ी। इसके बाद 20 शॉट की रैली में पेस और हिंगिस की जोड़ी ने बाजी मारी। उन्होंने 11वें गेम में फिर सियेह की सर्विस तोड़ी और हिंगिस की सर्विस पर सेट जीत लिया। दूसरे सेट में भी सियेह की सर्विस शुरुआत में ही टूटी। छठे गेम में पेस और हिंगिस ने ब्रेक प्वाइंट बचाया और अपनी सर्विस पर सेट और मैच जीत लिया।

(इनपुट भाषा से भी)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लिएंडर पेस, मार्तिना हिंगिस, ऑस्ट्रेलियाई ओपन, Leander Paes, Mixed Doubles Final, Australian Open, मार्टिना हिंगिस
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com