भारतीय लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर खुद को देश के सबसे सफल एथलीटों में शामिल कर लिया है. गुलवीर सिंह ने एशियाई खेलों में अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए पुरूषों की 5000 मीटर रेस में 13 मिनट 32 . 75 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता जो इन खेलों में उनका तीसरा पदक था. गुलवीर ने पुरूषों की 1500 मीटर और 10000 मीटर रेस में रजत पदक जीता था.
अब वापस भारत आने के बाद NDTV से बात करते हुए गुलवीर ने कहा, "साल 2021 से पहले उनका पूरा ध्यान सेना भर्ती पर था. वह और उनके बड़े भाई लगातार दौड़ की तैयारी करते थे, उस दौर में उनके पास सीमित संसाधन थे, लेकिन अब भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) और एथलेटिक्स फेडरेशन से मिलने वाले सहयोग ने उनके प्रदर्शन को नई ऊंचाई दी है."
गुलवीर सिंह का अगला सपना है ओलंपिक पदक
गुलवीर सिंह ने NDTV को बताया है कि "उनका अगला सपना अब भारत के लिए ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना है. उन्होंने कहा कि, बस सपना तो यही है कि ओलंपिक में मेडल लेके आना है देखते हैं अब क्या होता है. किस्मत में जो होगा वो कोई ऊपर वाला जानता है लेकिन मैं वहां मेडल जीतकर आना चाहता हू."
बता दें कि गुलवीर ट्रैक और फील्ड स्पर्धा में एक ही एशियाई खेलों में तीन पदक जीतने वाले भारत के दूसरे पुरूष खिलाड़ी बन गए. इससे पहले 1951 में दिल्ली में हुए पहले एशियाई खेलों में भारत के लेवी पिंटो ने 100 मीटर, 200 मीटर में स्वर्ण और चार गुणा 100 मीटर रिले में रजत पदक जीता था.
पी टी उषा ने सियोल में 1986 एशियाई खेलों में चार स्वर्ण और एक रजत पदक जीता था. मध्यम दूरी की धाविका के एम बीनामोल ने 2002 बुसान एशियाई खेलों में तीन पदक जीते थे. पुरूषों की 5000 मीटर स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी गुलवीर ने 2026 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था .वह राष्ट्रमंडल खेलों में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरूष बने.
यह भी पढ़ें | अभिषेक शर्मा नंबर-1, टूटा रोहित शर्मा का महारिकॉर्ड, पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
यह भी पढ़ें | ईशान किशन नंबर-1, विराट कोहली नंबर 2, टी-20 में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बैटर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं