कर्नाटक में जनता दल सेक्युलर और कांग्रेस की गठबंधन सरकार गिराने के लिए भाजपा के कथित प्रयास को लेकर लीक हुए ऑडियो क्लिप के चलते राज्य में सियासी पारा चढ़ गया है. ऑडियो से भड़के जनता दल(एस) के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के विधायक प्रीतम गौड़ा के हासन स्थित घर पर कथित रूप से हमला किया.पुलिस ने यह जानकारी दी. जद (एस) ने बुधवार को 80 मिनट की एक पूरी ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा, जद(एस) के विधायक नगनगौड़ा, भाजपा के विधायकों शिवनगौड़ा नायक एवं प्रीतम गौड़ा के बीच कथित बातचीत है.
इस क्लिप में आठ माह पुरानी गठबंधन सरकार को अस्थिर करने के कथित प्रयास को लेकर बातचीत है. गौड़ा पर कांग्रेस-जद (एस) सरकार गिराने की साजिश का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने उनके घर पर कथित रूप से पथराव करके हमला किया. पुलिस ने बताया कि भाजपा के एक कार्यकर्ता को सिर में गंभीर चोट आई. उसे बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी ने कर्नाटक में गठबंधन पर कसा तंज, कहा- कुमारस्वामी ‘असहाय' सरकार के 'पंचिंग बैग'
ऑडियो टेप की जांच का आदेश
सीएम कुमारस्वामी ने ऑडियो टेप जारी करने के बाद जांच कराने की बात कही थी. जिसके बाद विधानसभाध्यक्ष ने जांच का आदेश दे दिया. सरकार मामले की एसआईटी जांच कराने जा रही है. सीएम कुमारस्वामी ने कहा कि समिति को अगले 15 दिनों में रिपोर्ट देनी चाहिए. दूसरी तरफ, बीएस येदियुरप्पा ने एसआईटी जांच के फैसले का विरोध किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तहत काम करने वाली एजेंसी का इसकी जांच करना उचित नहीं होगा, क्योंकि कुमारस्वामी स्वयं इसमें पहले आरोपी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं