- राजस्थान में बीजेपी के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या का मामला गर्माया है.
- सीएम भजनलाल शर्मा ने भरतपुर जिले में हुई इस घटना पर जांच के आदेश दिए हैं.
- बयाना में आने वाले भोड़ा गांव में अतर सिंह भड़ाना के साथ मारपीट हुई थी.
राजस्थान में बीजेपी के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के बाद से ही राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है. अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस महानिदेशक को इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं. वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) प्रमुख और लोकसभा सांसद हनुमान बेनीवाल ने भरतपुर जिले के एसपी और आईजी को हटाने की मांग की है. यह घटना रविवार की शाम को हुई थी. जिसके बाद सोमवार की सुबह एसपी मौके पर पहुंचे थे. पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर 70 से 80 ग्रामीणों ने हमला कर दिया था. जिसमें वह बुरी तरह घायल हुए थे और अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी.
सीएम भजनलाल शर्मा ने दिए कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को डीजीपी से बात कर मामले की जल्द से जल्द जांच करने के निर्देश दिए हैं. सूत्रों के मुताबिक उन्होंने गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेधम से भी इस मामले पर चर्चा की और उन्हें घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने तथ्यों का पता लगाने और उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निष्पक्ष और व्यापक जांच की आवश्यकता पर जोर दिया है. सीएम ने इस मामले की पूरी रिपोर्ट भी अधिकारियों से मांगी है.
हनुमान बेनीवाल ने एसपी-आईजी को हटाने की मांग
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भरतपुर रेंज के इंस्पेक्टर जनरल और जिला पुलिस अधीक्षक को तत्काल हटाने की मांग की है. इस घटना के बाद भरतपुर जिले की राजनीति भी गर्मा गई है. कांग्रेस नेताओं ने भी इस मामले में भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. अतर सिंह भड़ाना की मौत के संबंध में बेनीवाल ने राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति और पुलिस प्रशासन के कामकाज पर चिंता जताई है. उनका कहना है एसपी और आईजी को तुरंत हटाया जाए.
ये वीडियो भी देखिए
भोड़ा गांव में पुलिस बल तैनात
भरतपुर जिले के जिस भोंडा गांव में यह घटना हुई है, वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. घटना के बाद से तनाव और सन्नाटे का माहौल बना हुआ है. अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश भड़ाना ने लगभग 80 लोगों के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कई कथित हमलावरों के नाम शामिल हैं. हमले के दौरान उन्होंने अपने पति को बचाने की कोशिश की थी. लेकिन उन्हें धक्का देकर एक तरफ कर दिया गया और उन पर हमला किया गया. इस घटना में उन्हें भी चोटें आई. शिकायत में 25 सितंबर की एक पिछली घटना का भी जिक्र है, जब कथित तौर पर एक समूह ने पत्थर तोड़ने वाली इकाई में घुसकर कर्मचारियों पर हमला किया था. इसके अलावा तोड़फोड़ की और भाग गया.
ये भी पढे़ंः राजस्थान में BJP के पूर्व विधायक की पीट-पीटकर हत्या, 70 से 80 लोगों ने किया हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं