भारत के उभरते हुए युवा मुक्केबाज जदुमणि सिंह ने पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग में मेजबान स्कॉटलैंड के एरॉन कुलेन को एकतरफा अंदाज में हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया. हर मुकाबले से पहले करीब 10 किलोग्राम वजन घटाने की मजबूरी से मुक्त होने के बाद भारतीय मुक्केबाज जदुमणि सिंह पहले से कहीं अधिक आत्मविश्वास से भरे नजर आए. घरेलू दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के बीच खेल रहे कुलेन के खिलाफ जदुमणि तकनीकी और रणनीतिक दोनों ही स्तर पर बेहतर साबित हुए. उन्होंने सर्वसम्मत निर्णय से जीत दर्ज की और अब अगले दौर में उनका सामना पाकिस्तान के सुमामा रहमान से होगा.
राष्ट्रीय चैंपियन जदुमणि के लिए लंबे समय तक हर टूर्नामेंट की शुरुआत रिंग में उतरने से पहले ही कठिन चुनौती से होती थी. पुरुष 50 किलोग्राम वर्ग में खेलने के लिए उन्हें लगभग 10 किलोग्राम वजन कम करना पड़ता था, जिससे उनकी ताकत, रिकवरी और मानसिक संतुलन पर असर पड़ता था. 55 किलोग्राम वर्ग में आने के बाद हालांकि उनकी स्थिति पूरी तरह बदल गई है.
जदुमणि ने ‘पीटीआई' से कहा था, 'मुझे पूरा भरोसा था कि मैं 55 किलोग्राम वर्ग में अच्छा प्रदर्शन कर सकता हूं. इस वर्ग में अब दो-तीन प्रतियोगिताएं खेल चुका हूं और राष्ट्रीय चैंपियन भी बना हूं. अब मैं पहले से ज्यादा सहज और बेहतर महसूस करता हूं.'
उनका यही आत्मविश्वास मुकाबले की पहली घंटी बजते ही दिखाई दिया. कद में लंबे कुलेन के खिलाफ जदुमणि ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. उन्होंने लगातार सटीक जैब और तेज पंचों के संयोजन से स्कॉटिश मुक्केबाज की लंबी पहुंच का प्रभाव खत्म कर दिया और पहले राउंड में स्पष्ट बढ़त बना ली.
दूसरे राउंड में घरेलू दर्शकों के उत्साहवर्धन के बीच कुलेन ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जदुमणि ने संयम नहीं खोया. उन्होंने शानदार काउंटर पंच और बेहतरीन फुटवर्क के दम पर प्रतिद्वंद्वी को लगातार बैकफुट पर बनाए रखा. अंतिम राउंड में भी भारतीय मुक्केबाज ने अपना दबदबा कायम रखा और मुकाबले के नतीजे को लेकर कोई संदेह नहीं छोड़ा.
पांचों जज ने सर्वसम्मति से जदुमणि के पक्ष में फैसला सुनाया. राष्ट्रमंडल खेलों में जदुमणि के अभियान की यह दमदार शुरुआत इस बात का संकेत है कि वजन वर्ग बदलने के बाद वह पहले से अधिक मजबूत, आत्मविश्वासी और प्रभावशाली मुक्केबाज बनकर उभरे हैं.
यह भी पढ़ें- लवलीना का सीधा निशाना, बस गोल्ड पर है नजर, बोरगोहेन ने ठोक दी ताल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं