एशियन गेम्स में भारत का बेहद गौरवशाली इतिहास रहा है. साल 1951 में नई दिल्ली में हुए पहले एशियाई खेलों से लेकर 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स तक भारत ने हर संस्करण में हिस्सा लिया है. इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने कई यादगार उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन सबसे बड़ा इतिहास 2023 में बना, जब भारत ने एशियन गेम्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड 107 पदक जीते.
हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में भारतीय दल ने 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य समेत कुल 107 पदक अपने नाम किए. यह पहली बार था जब भारत ने एशियाई खेलों में 100 से अधिक पदक जीतने का कारनामा किया. इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में 70 पदकों का था.
भारत ने पहली बार 1951 के एशियाई खेलों में 51 पदक जीते थे. इसके बाद 1982 में नई दिल्ली में आयोजित एशियन गेम्स में 57 पदक, 2010 ग्वांगझोउ में 65 पदक और 2018 जकार्ता में 70 पदक हासिल किए. हालांकि 2023 का प्रदर्शन इन सभी से कहीं आगे रहा और भारत पदक तालिका में भी मजबूती से उभरा था और अब भारत एशियाई खेलों में 107 पदकों का बचाव करने उतरेगा.
| वर्ष | मेजबान | पदक |
|---|---|---|
| 1951 | नई दिल्ली | 51 |
| 1954 | मनीला | 17 |
| 1958 | टोक्यो | 13 |
| 1962 | जकार्ता | 33 |
| 1966 | बैंकाक | 21 |
| 1970 | बैंकाक | 25 |
| 1974 | तेहरान | 28 |
| 1978 | बैंकाक | 28 |
| 1982 | नई दिल्ली | 57 |
| 1986 | सियोल | 37 |
| 1990 | बीजिंग | 23 |
| 1994 | हिरोशिमा | 49 |
| 1998 | बैंकाक | 35 |
| 2002 | बुसान | 36 |
| 2006 | दोहा | 53 |
| 2010 | ग्वांगझोउ | 65 |
| 2014 | इंचियोन | 57 |
| 2018 | जकार्ता | 70 |
| 2023 | हांगझोउ | 107 |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं