- मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने पद संभालते ही अवैध बांग्लादेशियों को हटाने की बात कही थी
- मुंबई पुलिस ने पठाणवाड़ी इलाके से अवैध रूप से रह रहे चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है
- गिरफ्तार किए गए सभी बांग्लादेशी काम की तलाश में अवैध तरीके से भारत में आए थे
मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने अपने पहले ही भाषण में अवैध बांग्लादेशियों को हटाने की बात कही थी. उन्होंने बुधवार को ही पद संभाला है. उनके पद संभालने के बाद ही मुंबई में अब पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई है. शुक्रवार को मुंबई पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे 4 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है. इनकी जांच की जा रही है. पुलिस ने जिन अवैध बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है, वे सभी काम की तलाश में अवैध तरीके से भारत आए थे.
जानकारी के मुताबिक, मुंबई के पठाणवाडी इलाके में कुरार पुलिस ने अवैध रूरप से रह रहे 4 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की एंटी टेरर सेल को जानकारी मिली थी कि कुछ विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के इस क्षेत्र में रह रहे हैं, जिसके बाद जाल बिछाकर इन्हें पकड़ा गया.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान तुहीनुर जायनल सरदार (30), मोहम्मद अब्दुल मोमीन लतीफ सरदार (52), नजरुल इस्लाम स्वर अली बिश्वास (41) और मोहम्मद इमामुल हक्क रहेमान (46) के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपी काम की तलाश में अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत में दाखिल हुए थे और मुंबई में रह रहे थे. पुलिस ने आरोपियों के पास से बांग्लादेशी नागरिकता से जुड़े ठोस सबूत बरामद किए हैं.
पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने इन आरोपियों को मुंबई में शरण दी या उनकी मदद की. साथ ही, इस बात की भी गहन जांच की जा रही है कि क्या इनके साथ कोई और भी अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ है? फिलहाल, पकड़े गए चारों आरोपियों को वापस उनके देश भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं